प्रेमिका को भगाने पहुंचा युवक, परिजनों ने पीट-पीटकर कर दी हत्या; लड़की की होनी थी सगाई
शिवपुरी जिले के कोलारस में प्रेमी को प्रेमिका के घर वालों ने पीट-पीटकर मार डाला. 26 वर्षीय अर्जुन पाल अपनी प्रेमिका को भगाने पहुंचा था, लेकिन परिवार ने उसे पकड़कर बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई. शव नाले में फेंक दिया गया. लड़की की आज सगाई तय थी. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में प्रेम प्रसंग को लेकर एक दर्दनाक हत्या का मामला सामने आया है. 26 वर्षीय युवक अर्जुन पाल अपनी 20 वर्षीय प्रेमिका को घर से भगाकर ले जाने पहुंचा था, लेकिन लड़की के परिजनों ने उसे पकड़ लिया. परिवार वाले उसे घर ले गए और बुरी तरह पीटने लगे. मारपीट इतनी तेज थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई. परिजनों ने शव को खेत के पास नाले में फेंक दिया. सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी. लड़की की आज सगाई तय थी, जिसके चलते यह घटना हुई. पुलिस ने लड़की के पिता, दादा और अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है.
प्रेम प्रसंग और परिवार की आपत्ति
अर्जुन पाल रन्नौद थाना क्षेत्र के नेगमा गांव का रहने वाला था. कोलारस की 20 वर्षीय लड़की के साथ उसका प्रेम चल रहा था. दोनों अलग-अलग समाज के थे, इसलिए लड़की के घर वाले शादी के लिए तैयार नहीं थे. जब लड़की ने बताया कि उसकी सगाई तय कर दी गई है, तो दोनों ने भागने की योजना बनाई.
भगाने पहुंचा युवक
अर्जुन रात करीब 1 बजे अपनी प्रेमिका को भगाने के लिए हाइवे किनारे चन्दोरिया मोजे के खेत वाले घर के पास पहुंचा. उसके साथ कल्ला पाल भी था, जो उसका रिश्तेदार था. दोनों लड़की का इंतजार कर रहे थे, लेकिन परिवार को भनक लग गई और वे पहुंच गए. लड़की के परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया. कल्ला पाल को थप्पड़ मारकर भागने की धमकी दी, तो वह भाग निकला. अर्जुन को परिवार वाले घर ले गए और उसे बंधक बनाकर जमकर पीटा. मारपीट के दौरान अर्जुन की मौत हो गई. बाद में परिजनों ने शव को नाले में फेंक दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
सुबह ग्रामीणों ने नाले किनारे शव देखा और पुलिस को बताया. कोलारस पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान अर्जुन पाल के रूप में की. लड़की के दादा भी थाने पहुंचकर मारपीट की सूचना दे चुके थे. पुलिस ने कल्ला पाल की शिकायत पर हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. पुलिस ने लड़की के पिता, दादा और तीन अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर ने बताया कि जांच जारी है. पूरे मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है ताकि दोषियों को सजा मिल सके.
और पढ़ें
- 'हमारा बेटा लौट आया...', आखिर ऐसा क्यों कह रहा राजा रघुवंशी का परिवार; क्या पुजारी की भविष्यवाणी हुई सच? जानें
- इंतजार हुआ खत्म, MP में जल्द हो सकती हैं 700 'एल्डरमैन' की नियुक्तियां; जानें कब आएगी लिस्ट
- ग्वालियर में तेज रफ्तार का कहर, स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, 5 श्रद्धालुओं की मौके पर मौत