IPL 2026

ग्वालियर में दर्दनाक हादसा, खुले सीवर चैंबर में गिरकर मजदूर की मौत, लोगों में भड़का गुस्सा

स्थानीय लोगों के अनुसार सौरभ शराब पीने का आदी था. संभवतः नशे की हालत में वह खुले चैंबर को नहीं देख पाया और उसमें गिर गया. आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी मेहनत के बाद सौरभ को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल ले गए. लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जब तक उसे अस्पताल पहुंचाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

x
Antima Pal

मध्य प्रदेश: एक दर्दनाक हादसे में खुले पड़े सीवर चैंबर में गिरने से एक मजदूर की जान चली गई. यह घटना ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र की गणेश कॉलोनी ओफो की बगिया में शुक्रवार शाम को हुई. मृतक की पहचान  सौरभ बाथम के रूप में हुई है. वह मजदूरी करके अपना और परिवार का गुजारा करता था. 

स्थानीय लोगों के अनुसार सौरभ शराब पीने का आदी था. संभवतः नशे की हालत में वह खुले चैंबर को नहीं देख पाया और उसमें गिर गया. आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी मेहनत के बाद सौरभ को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल ले गए. लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जब तक उसे अस्पताल पहुंचाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

लोगों का आरोप है कि यह सीवर चैंबर लंबे समय से खुला पड़ा था. उन्होंने कई बार नगर निगम को शिकायत की थी, लेकिन अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया. लोगों का कहना है कि अगर समय पर चैंबर को ढक दिया गया होता तो यह हादसा नहीं होता और सौरभ की जान बच जाती. इस घटना के बाद इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. 

स्थानीय निवासियों ने नगर निगम की लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी केवल हादसे का इंतजार कर रहे थे. कई लोग इस घटना को पूरी तरह से लापरवाही का नतीजा बता रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही झांसी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

यह घटना नगर निगम की सफाई और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठा रही है. ग्वालियर के कई इलाकों में खुले सीवर चैंबर और गड्ढे लंबे समय से समस्या बने हुए हैं. स्थानीय लोग बार-बार शिकायत करते हैं, लेकिन अक्सर कार्रवाई नहीं होती. नगर निगम अधिकारियों ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. लोगों की मांग है कि दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों. सौरभ बाथम की मौत ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है. परिजन रो-रोकर बुरा हाल हैं.