22 बच्चों की टॉयलेट में लगी क्लास, MP के सरकारी स्कूल की तस्वीर ने खोली बदहाली की पोल
मध्य प्रदेश के धार जिले में सरकारी स्कूल की बदहाल व्यवस्था का मामला सामने आया है. टाणा गांव में 22 बच्चों को बालिका शौचालय में बैठाकर पढ़ाया गया. तस्वीर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया.
भोपाल: धार जिले के कुक्षी विधानसभा क्षेत्र के टाणा गांव में सरकारी प्राथमिक स्कूल की स्थिति ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्कूल भवन जर्जर होने के कारण 22 बच्चों को पढ़ाने के लिए कभी मंदिर तो कभी स्कूल परिसर के नए बने शौचालय का सहारा लेना पड़ा. शौचालय में बच्चों के बैठने की तस्वीर सामने आने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी और पंचनामा तैयार कराया.
ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल का पुराना भवन काफी खराब हालत में है और उसकी छत गिरने का खतरा बना हुआ है. करीब दो साल पहले भवन को हटाने का आदेश भी दिया गया था. इसके बाद बच्चों की कक्षाएं नियमित भवन के बजाय वैकल्पिक जगहों पर संचालित की जा रही हैं.
कभी मंदिर, कभी शौचालय में पढ़ाई
स्कूल के लिए स्थायी भवन उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चों को बैठाने की समस्या बनी हुई है. ग्रामीण राधेश्याम मुजाल्दा ने बताया कि करीब छह महीने पहले नया शौचालय बनाया गया था. फिलहाल उसका नियमित इस्तेमाल नहीं हो रहा था, इसलिए बच्चों को कुछ समय के लिए वहां बैठाया गया.
Also Read
- Indore Swine Flu Death: इंदौर में स्वाइन फ्लू से महिला की मौत, 10 दिन से निजी अस्पताल में थी भर्ती; कोविड से भी थी संक्रमित
- एमपी पुलिस में 7500 पदों पर बंपर भर्ती, 22 सितंबर से आवेदन; जानें फीस और परीक्षा की तारीख
- 60 फीट ऊंची पर टंकी पर फंसा सांड, 42 घंटे बाद क्रेन से बचाई गई जान; दो घंटे तक चला ऑपरेशन
अधिकारियों ने माना, शौचालय में पढ़ाना गलत
तस्वीर सामने आने के बाद बीईओ हीरालाल निगवाल और बीआरसी विजय कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे. बीईओ ने बताया कि शिक्षकों के अनुसार उस दिन मंदिर के हॉल में तेज धूप आ रही थी, इसलिए 7-8 बच्चों को कुछ देर शौचालय में बैठाया गया. अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि ऐसा करना गलत है.
नया स्कूल भवन अभी अधूरा
बीआरसी विजय कुमार शुक्ला के मुताबिक, पुरानी इमारत को हटाने के बाद नए प्राथमिक स्कूल भवन का निर्माण शुरू कराया गया था, लेकिन काम अभी पूरा नहीं हुआ है. फिलहाल बच्चों की पढ़ाई मंदिर के हॉल और अन्य वैकल्पिक स्थानों पर कराने की व्यवस्था की गई है.
वायरल तस्वीर के बाद जांच शुरू
मामले में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लेकर पंचनामा तैयार कराया है और रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेजने की बात कही है. बीआरसी के अनुसार, बच्चों ने बताया कि कुछ लोग जीप से आए थे और उन्होंने उन्हें शौचालय में बैठाया था. अब पूरे मामले की जांच की जा रही है.