धार में मजदूरों से भरी पिकअप स्कॉर्पियो से टकराकर पलटी, 12 की मौत; दो मासूमों ने भी तोड़ा दम
मध्य प्रदेश के धार में एक भीषण सड़क दुर्घटना में 12 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई है. इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप वाहन के पलटने और स्कॉर्पियो से टकराने के कारण यह हादसा हुआ.
भोपाल: मध्य प्रदेश के धार जिले में बुधवार की रात इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिकलिया फाटा के पास मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. इस भयावह दुर्घटना में अब तक दो मासूम बच्चों सहित कुल 12 लोगों के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि हुई है. चिलचिलाती धूप में मेहनत करने वाले ये मजदूर जब अपने घरों की ओर लौट रहे थे. तब नियति ने उन्हें इस दर्दनाक मोड़ पर खड़ा कर दिया. जिसने सड़कों पर यातायात के नियमों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
हादसा बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे जिओ पेट्रोल पंप के पास हुआ. चश्मदीदों के अनुसार पिकअप वाहन में क्षमता से कहीं अधिक करीब 35 मजदूर सवार थे. अंधेरे के बीच अचानक हुए इस धमाके और चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा. स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत बचाव के लिए दौड़े, लेकिन टक्कर इतनी भीषण थी कि कई मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. पिकअप के परखच्चे उड़ चुके थे और चारों तरफ बेबस मजदूरों का सामान बिखरा पड़ा था.
तेज रफ्तार और लापरवाही का नतीजा
धार एसपी मयंक अवस्थी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पिकअप वाहन की रफ्तार बहुत अधिक थी. ड्राइवर के वाहन पर से नियंत्रण खोने के कारण पिकअप सड़क पर तीन-चार बार पलटी और घिसटते हुए राजमार्ग की दूसरी तरफ जा पहुंची. इसी दौरान वह सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो कार से जा भिड़ी. यह हादसा साफ तौर पर तेज ड्राइविंग और ओवरलोडिंग जैसे गंभीर अपराध का परिणाम नजर आता है, जिसके कारण कई हंसते-खेलते परिवार उजड़ गए.
दुर्घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल धार जिला अस्पताल पहुंचाया गया. ड्यूटी डॉक्टर छत्रपाल सिंह के अनुसार अस्पताल लाते समय कई लोग गंभीर स्थिति में थे. डॉक्टरों ने 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि 13 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उनमें से 10 लोगों को बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है. स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि चोटों की गंभीरता के कारण मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है.
और पढ़ें
- मेघालय पुलिस की इस गलती की वजह से राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी सोनम को मिल गई जमानत, लेकिन कोर्ट ने रखी ये शर्तें
- एम्बुलेंस पर लगे मरीज के खून के धब्बे को उसकी पत्नी से करवाया साफ, अस्पताल में धुलवाई गाड़ी; वीडियो वायरल होने पर लिया गया एक्शन
- 'तुम्हारी याद आ रही थी', सुबह 4 बजे पत्नी से फोन पर की बात, घंटे भर बाद आई कॉस्टेबल की मौत की खबर