'लोगों की नहीं सुनी, लाइफ जैकेट नहीं दी, डूबने लगे तो…' बरगी डैम क्रूज हादसे में चौंकाने वाले खुलासे, जिंदा बची संगीता ने बताई सच्चाई

जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं 6 लोग अभी लापता हैं. दिल्ली की चश्मदीद संगीता कोरी ने खुलासा किया कि क्रूज पर लाइफ जैकेट नहीं दी गई थी और चालक ने स्थानीय लोगों की चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया था.

social media
Kuldeep Sharma

जबलपुर के बरगी डैम पर गुरुवार शाम को हुए क्रूज हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है. तेज हवा और बारिश में क्रूज पलट गया, जिसमें अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है और 6 लोग अभी भी लापता हैं. दिल्ली से घूमने आई संगीता कोरी इस हादसे में बाल-बाल बचीं. उन्होंने क्रूज प्रबंधन की लापरवाही का खुलासा करते हुए बताया कि यात्रियों को लाइफ जैकेट नहीं दी गई थी और चालक ने स्थानीय लोगों की चेतावनी को अनसुना कर दिया. यह हादसा पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामी को उजागर कर रहा है.

‘लाइफ जैकेट नहीं दी, जब डूबने लगे तो…’

दिल्ली की संगीता कोरी ने बताया कि क्रूज पर सवार किसी भी यात्री को पहले से लाइफ जैकेट नहीं पहनाई गई थी. जब क्रूज डूबने लगा और पानी अंदर भरने लगा, तब स्टोर रूम से जैकेट निकालने की कोशिश की गई. इस दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और छीना-झपटी शुरू हो गई. संगीता के भाई ने स्टोर रूम का दरवाजा तोड़कर जैकेट बांटी, लेकिन तब तक क्रूज पलट चुका था.

चालक ने स्थानीय लोगों की नहीं सुनी

संगीता ने आरोप लगाया कि किनारे पर खड़े स्थानीय लोग चिल्ला-चिल्लाकर चालक को क्रूज को सुरक्षित दिशा में ले जाने की चेतावनी दे रहे थे. लेकिन चालक ने उनकी कोई बात नहीं सुनी. संगीता का कहना है कि चालक के पास पर्याप्त अनुभव नहीं था और क्रूज प्रबंधन ने यात्रियों की सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं की थी.

9 पहुंचा मौत का आंकड़ा, 6 अभी भी लापता

हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है. 22 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है, जबकि 6 लोग अभी भी लापता हैं. सेना और NDRF की टीमें हाइड्रोलिक मशीनों और गैस कटर की मदद से क्रूज को बाहर निकालने का प्रयास कर रही हैं. आशंका जताई जा रही है कि कुछ शव क्रूज के अंदर फंसे हो सकते हैं. 

रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी

आगरा से आई सेना की टीम और NDRF ने रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभाल ली है. पत्थरों के बीच रास्ता बनाकर भारी मशीनें उतारी गई हैं. मौके पर पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी भी पहुंचे हैं. क्रूज में क्षमता से ज्यादा लोग सवार होने की भी आशंका जताई जा रही है.