West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

'छुआ, गले लगाया और धन्यवाद कह कर छोड़ दिया', केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फ्रिस्किंग के दौरान विदेशी महिला से छेड़छाड़

बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फ्रिस्किंग के दौरान एक साउथ कोरिया की महिला के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की गई.

X (@gemsofbabus_)
Shanu Sharma

नई दिल्ली: केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को एक गंभीर मामला सामने आया है. दक्षिण कोरिया की एक 32 साल की महिला व्यवसायी ने एयरलाइन के ग्राउंड हैंडलिंग स्टाफ पर उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है.

आरोपी ने मैनुअल फ्रिस्किंग के बहाने महिला को गलत तरीके से छुआ, गले लगाया और धन्यवाद कहकर छोड़ दिया. यह घटना टर्मिनल 2 के अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान क्षेत्र में हुई, जब महिला अपने देश वापस लौट रही थी.

मैनुअल फ्रिस्किंग के बहाने किया गलत 

महिला नवंबर में पर्यटक वीजा की मदद से भारत घूमने आई थीं. इसी दौरान सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स और इमिग्रेशन जांच पूरी होने के बाद एक व्यक्ति उसके पास पहुंचा. उसने खुद को एयरपोर्ट स्टाफ बताकर महिला का बोर्डिंग पास जांचा और चेक-इन बैगेज में समस्या होने का दावा किया. उसने कहा कि बैगेज की दोबारा जांच में समय लगेगा और मैनुअल फ्रिस्किंग के लिए उसके साथ चलने को कहा.

आरोपी उसे पुरुषों के वॉशरूम के पास ले गया, जहां फ्रिस्किंग के नाम पर उसने महिला के सीने को कई बार छुआ. इतना ही नहीं उसने महिला को मुड़ने को कहा और निजी अंगों को गलत तरीके से स्पर्श किया. जब महिला ने विरोध जताया, तो आरोपी ने उसे गले लगाया और धन्यवाद कहकर जाने दिया.

पीड़िता ने तुरंत एयरपोर्ट अधिकारियों से शिकायत की. आरोपी की पहचान मोहम्मद अफ्फान अहमद के रूप में की गई है. अहमद कम्मनाहल्ली का रहने वाला है. एयरपोर्ट अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आरोपी को यात्रियों की शारीरिक जांच करने का कोई अधिकार नहीं था. यदि कोई संदेह होता, तो उसे इमिग्रेशन या CISF कर्मियों को सूचित करना चाहिए था और फ्रिस्किंग अधिकृत महिला स्टाफ द्वारा ही कराई जानी चाहिए थी.

सीसीटीवी फुटेज की जांच में हुआ खुलासा 

शिकायत मिलने पर अधिकारियों ने अहमद को हिरासत में लिया और केआईए पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया और मंगलवार को उसे परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल भेज दिया गया. जांच में सीसीटीवी फुटेज से महिला के बयान की पुष्टि हुई है. आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीड़न संबंधी धाराओं में मामला दर्ज है और वह न्यायिक हिरासत में है. यह घटना बेंगलुरु के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है.