'पहले जाति को लेकर गालियां दीं, फिर गला घोंट दिया', बेंगलुरु में लिव-इन पार्टनर ने की प्रेमिका की हत्या; खुदकुशी बनाने का किया नाटक
बेंगलुरु के कोथाडी इलाके में एक युवती की उसके लिव-इन पार्टनर ने कथित तौर पर हत्या कर दी. आरोपी ने इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में सच्चाई सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
कर्नाटक के बेंगलुरु में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 23 वर्षीय युवती की कथित तौर पर उसके लिव-इन पार्टनर ने हत्या कर दी. आरोपी ने इस वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में कई ऐसे तथ्य सामने आए जिनसे हत्या की आशंका मजबूत हो गई. मृतका की पहचान रंजीता एच.जी. के रूप में हुई है, जबकि आरोपी अयप्पा के.बी. को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
साथ रहने के दौरान बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार रंजीता और अयप्पा एक किराए के मकान में साथ रह रहे थे. दोनों मूल रूप से कोडागु जिले के निवासी बताए जा रहे हैं. अयप्पा एक ड्राई फ्रूट की दुकान में काम करता था, जबकि रंजीता घरेलू सहायिका के रूप में काम कर रही थी. परिवार के मुताबिक रंजीता को अयप्पा से प्यार हो गया था और वह उससे शादी करना चाहती थी. इसी वजह से उसने 31 दिसंबर 2025 को अयप्पा को अपने घर ले जाकर परिवार से मिलवाया था और अपने रिश्ते के बारे में बताया था.
शादी का वादा और रिश्ते में तनाव
परिवार के अनुसार अयप्पा पहले से शादीशुदा था और उसने बताया था कि वह अपनी पत्नी से अलग रह रहा है. उसने रंजीता को भरोसा दिलाया था कि तलाक मिलने के बाद वह उससे शादी करेगा. हालांकि समय के साथ उनके रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा. रंजीता की मां का कहना है कि उनकी बेटी ने कई बार फोन पर बताया था कि अयप्पा छोटी-छोटी बातों पर उससे झगड़ा करता है और कभी-कभी मारपीट भी करता था.
मौत से पहले बढ़ गया था विवाद
परिवार के मुताबिक घटना से कुछ दिन पहले रंजीता ने अपनी मां से शिकायत की थी कि अयप्पा उसके साथ दुर्व्यवहार करता है और दोस्तों के साथ अक्सर घर में पार्टी करता था. आरोप है कि 1 मार्च को दोनों के बीच फिर विवाद हुआ था. इस दौरान अयप्पा ने कथित तौर पर रंजीता को अपमानजनक शब्द कहे और उससे झगड़ा किया. 12 मार्च की सुबह उसने रंजीता की बहन को फोन कर बताया कि रंजीता ने आत्महत्या करने की कोशिश की है और उसे अस्पताल ले जाया गया है.
जांच में सामने आई हत्या की सच्चाई
परिवार को इस घटना पर शक हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को कई संदिग्ध परिस्थितियां मिलीं. जांच में सामने आया कि रंजीता की मौत गला घोंटने से हुई थी. पुलिस के अनुसार आरोपी ने तार से गला दबाने के बाद उसे पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. इस मामले में हत्या और एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है.
और पढ़ें
- कर्नाटक में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी पर गिरेगी गाज, गृह मंत्री परमेश्वर ने पुलिस को दिए सख्त निर्देश
- कर्नाटक: नकद, सोना और चांदी से भरी रेणुका येल्लम्मा मंदिर की दान पेटियां, 3.07 करोड़ रुपये का बना रिकॉर्ड संग्रह
- LPG संकट पर कर्नाटक विधानसभा में हंगामा, कांग्रेस ने सरकार की विदेश नीति को बताया जिम्मेदार; बीजेपी ने किया पलटवार