ग्वालियर की नाबालिग लड़की का अपहरण कर बेंगलुरु में हुआ गैंगरेप, 5 आरोपी गिरफ्तार
ग्वालियर की एक नाबालिग लड़की को कथित तौर पर अगवा कर बेंगलुरु ले जाया गया और उसके साथ गैंगरेप किया गया. चलिए जानते हैं पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ क्या लिया एक्शन.
बेंगलुरु: दो महिलाओं सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इन पर एक नाबालिग लड़की के कथित गैंगरेप में शामिल होने का आरोप है. इस लड़की का इसी साल की शुरुआत में मध्य प्रदेश के ग्वालियर से अपहरण किया गया था. हालांकि छठा आरोपी अभी भी फरार है.
पुलिस के अनुसार पीड़िता का इसी साल जनवरी में अपहरण किया गया था और उसे बेंगलुरु ले जाया गया था. एक अधिकारी ने बताया कि फरवरी में लड़की की मां ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. उसने दावा किया था कि उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर बेंगलुरु ले जाया गया था.
कैसे बचाई गई लड़की की जान?
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने लड़की की तलाश शुरू की. जिसे आखिरकार बेंगलुरु से बचा लिया गया. पुलिस के अनुसार उसे बंधक बनाकर रखने वाले एक व्यक्ति को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.
बचाए जाने के बाद अधिकारियों ने नाबालिग को ग्वालियर में एक अस्थायी आश्रय गृह में रखा. एक अधिकारी ने बताया कि वहां एक महीना बिताने के बाद लड़की को उसके परिवार से मिला दिया गया.
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
घर पहुंचने पर लड़की ने कथित तौर पर अपनी मां को अपने साथ हुई आपबीती सुनाई, जिसके बाद महिला ने पुलिस में एक और शिकायत दर्ज कराई. लड़की की मां ने शिकायत में दावा किया कि उसकी बेटी को बेंगलुरु में न केवल बंधक बनाकर रखा गया, बल्कि उसके साथ गैंगरेप भी किया गया. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि दो महिलाओं ने भी अपहरण और उसके बाद हुए यौन शोषण में मदद की थी.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
शिकायत के आधार पर छह लोगों, जिनमें चार पुरुषों और दो महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. FIR के अनुसार आरोपियों की भूमिकाएं अलग-अलग थीं. जहां उनमें से कुछ ने अपहरण में मदद की, वहीं दूसरों ने कथित तौर पर उसके साथ रेप किया. इस मामले में नामजद पुरुषों में से एक अभी भी फरार है और उसे ढूंढ़ने के प्रयास जारी हैं.
और पढ़ें
- एक फोन कॉल ने बचाई 16 साल की लड़की की जिंदगी, जानें कैसे शादी के मंडप में पहुंच कर पुलिस ने रोका बाल विवाह
- बेंगलुरु में PM मोदी की जान को था खतरा? पहले आया धमकी भरा फोन, फिर रास्ते में मिलीं जिलेटिन की छड़ें
- 'हमें मिलकर संसाधनों को बचाना होगा...', कर्नाटक दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी ने कहा; 9400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की देंगे सौगात