कर्नाटक के मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी! सरकार ने बढ़ाई 450 सीटें, NRI को भी मिलेगा कोटा
कर्नाटक के मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी राहत आई है. मंत्री शरण प्रकाश पाटिल ने बताया कि NMC ने राज्य को 450 नई मेडिकल सीट्स दी हैं. साथ ही पहली बार सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 15% NRI कोटा लागू होगा, जहां प्रति सीट फीस 25 लाख तय की गई है.
Karnataka Medical Seats: कर्नाटक के मेडिकल छात्रों के लिए खुशखबरी है. मेडिकल एजुकेशन मंत्री शरण प्रकाश पाटिल ने शनिवार को बड़ा ऐलान किया कि नेशनल मेडिकल कमीशन NMC ने राज्य को 450 नई मेडिकल सीट्स की मंजूरी दे दी है. यह फैसला लंबे समय से की जा रही मांग को पूरा करता है.
मंत्री ने बताया कि अब पहली बार सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 15 परसेंट NRI कोटा भी लागू होगा, जहां प्रति सीट की फीस 25 लाख रुपये तय की गई है. शरण प्रकाश पाटिल ने कहा कि इस कदम से सरकारी मेडिकल कॉलेज आर्थिक रूप से और मजबूत होंगे और राज्य सरकार की ग्रांट पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहेंगे.
नई सीटों को कैसे बांटा गया?
नई सीटों को बेंगलुरु, मैसूरु, बेलगावी, कलबुर्गी, चिक्कबल्लापुरा, हासन, रायचूर और विजयनगर के सरकारी कॉलेजों में बराबर-बराबर बांटा गया है यानी हर कॉलेज को 50 सीटें मिली हैं. इसके अलावा, हबल्ली के मूरू साविता मठ द्वारा चलाए जा रहे मेडिकल कॉलेज को भी 50 अतिरिक्त सीटें दी गई हैं.
Also Read
MBBS की टोटल सीट्स
अब कर्नाटक में कुल 9663 MBBS सीटें हो गई हैं, जबकि पहले यह संख्या 9263 थी. मंत्री पाटिल ने कहा कि देशभर में इस साल NMC ने 8000 नई मेडिकल सीटें बढ़ाने का ऐलान किया था. इसके बाद उन्होंने खुद दिल्ली जाकर कर्नाटक के लिए अतिरिक्त सीटों की मांग रखी, जिसे अब मंजूरी मिल गई है. उन्होंने कहा , 'हर साल मेडिकल पढ़ाई करने वालों की संख्या बढ़ रही है. कई मेधावी छात्र प्राइवेट कॉलेजों की महंगी फीस नहीं दे पाते. ऐसे में ज्यादा सीटें मिलने से छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी.'
यही नहीं , शरण प्रकाश पाटिल ने यह भी घोषणा की कि नवंबर में स्किल समिट का आयोजन होगा, जो बेंगलुरु टेक समिट की तर्ज पर होगा. इसके अलावा, दशहरा उत्सव के बाद मैसूरु में बड़ा जॉब फेयर रखा जाएगा , जिसकी रजिस्ट्रेशन जल्द शुरू होगी. अक्टूबर में नर्सिंग समिट और उसके बाद एक अंतरराष्ट्रीय रोड शो भी आयोजित किया जाएगा ताकि युवाओं के लिए ज्यादा रोजगार के मौके बन सकें.