'भैया मत करो...', बेंगलुरु में रैपिडो राइडर ने चलती बाइक पर की महिला के साथ छेड़छाड़; देखें वीडियो
बेंगलुरु में एक महिला ने रैपिडो बाइक टैक्सी राइडर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया. राइडर ने सफर के दौरान महिला के पैरों को पकड़ने की कोशिश की. महिला ने वीडियो रिकॉर्ड कर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
बेंगलुरु: रैपिडो बाइक टैक्सी राइडर पर एक महिला यात्री के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा है. महिला ने आरोप लगाया कि राइड के दौरान राइडर ने उसके पैरों को पकड़ने की कोशिश की. इस घटना का वीडियो महिला ने रिकॉर्ड किया और बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
यह घटना गुरुवार दोपहर लगभग 4 बजे की बताई जा रही है. शिकायत दर्ज होने के बाद विल्सन गार्डन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रैपिडो राइडर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. इस मामले पर रैपिडो कंपनी की प्रतिक्रिया अभी तक नहीं आई है.
देखें वीडियो
क्या है पूरा मामला?
महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि वह चर्च स्ट्रीट से अपने पीजी लौट रही थी. उसी दौरान रैपिडो कैप्टन ने चलते वाहन में उसके पैरों को पकड़ने की कोशिश की. महिला ने बताया कि यह सब इतनी जल्दी हुआ कि वह समझ भी नहीं पाई और रिकॉर्ड नहीं कर सकी. जब राइडर ने दोबारा ऐसा किया तो उसने कहा, 'भइया, क्या कर रहे हो, मत करो' लेकिन आरोपी ने अपनी हरकत नहीं रोकी.
महिला ने क्यों नहीं रुकवाई गाड़ी?
महिला ने यह भी बताया कि वह नए इलाके में थी, इसलिए वह बाइक रुकवाने की स्थिति में नहीं थी. उसे डर था कि कहीं बीच रास्ते उतरना असुरक्षित न हो. जब वह अपने गंतव्य पर पहुंची, तो वहां मौजूद एक व्यक्ति ने स्थिति देखकर रैपिडो राइडर से पूछताछ की. महिला ने बताया कि उस अजनबी व्यक्ति ने राइडर को फटकार लगाई. आरोपी ने माफी मांगी और कहा कि वह दोबारा ऐसा नहीं करेगा. लेकिन जाते-जाते उसने उंगली से इशारा किया, जिससे महिला को और भी असुरक्षित महसूस हुआ.
महिला ने पोस्ट में क्या बताया?
महिला ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'मैं यह अनुभव साझा इसलिए कर रही हूं क्योंकि किसी भी महिला को ऐसी स्थिति से नहीं गुजरना चाहिए, चाहे वह कैब में हो या बाइक पर. यह पहली बार नहीं है जब मेरे साथ ऐसा हुआ, लेकिन इस बार मैं चुप नहीं रह सकी क्योंकि मैं बेहद असुरक्षित महसूस कर रही थी.' पुलिस ने कहा कि महिला के बयान और साक्ष्यों के आधार पर राइडर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
और पढ़ें
- बेंगलुरु: कन्नड़ टीवी अभिनेत्री तीन महीने तक झेलती रही हैरेसमेंट, भेजे अश्लील फोटो और वीडियो, पुलिस ने किया गिरफ्तार
- बेंगलुरु में नौकरानी ने पालतू कुत्ते को लिफ्ट में पटककर मार डाला, CCTV में कैद हुई दिल दहला देने वाली हैवानियत
- 'कचरा फेंकने वालों की वीडियो भेजें और पाएं ₹250 इनाम', बेंगलुरु नगर निगम की अनोखी पहल