IMD Weather

इंस्टाग्राम प्यार का खूनी अंजाम! 6 महीने साथ रहने के बाद युवक ने लिव-इन पार्टनर को उतारा मौत के घाट

बेंगलुरु के मल्लेश्वरम इलाके में रहने वाले 27 वर्षीय शरत को उसकी 20 वर्षीय लिव इन पार्टनर अनुषा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.

Pinterest
Meenu Singh

बेंगलुरु: बेंगलुरु में रिश्तों के टूटने और आपसी विवादों से जुड़ी घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं. हाल ही में सामने आए एक मामले ने पूरे शहर को झकझोर दिया, जहां एक युवक पर अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या करने का आरोप लगा है. इस घटना ने न केवल रिश्तों में बढ़ते तनाव को उजागर किया है, बल्कि शहर में हाल के दिनों में सामने आए अन्य हत्या के मामलों को भी चर्चा में ला दिया है.

पुलिस के अनुसार, मल्लेश्वरम इलाके में रहने वाले 27 वर्षीय शरत को उसकी 20 वर्षीय लिव इन पार्टनर अनुषा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी और पिछले छह महीनों से वे एक साथ रह रहे थे. शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद यह दर्दनाक घटना हुई.

सोशल मीडिया से शुरू हुआ रिश्ता

अनुषा और शरत मूल रूप से हासन जिले के रहने वाले थे. इनकी दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी, दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और दोनों ने बेंगलुरु में साथ रहने का फैसला किया. पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात किसी निजी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी, बहस इतनी बढ़ गई कि शरत ने अपने ही प्यार अनुषा का गला ही घोंट दिया. 


दो दिन बाद सामने आया सच

घटना के बाद मामला तब उजागर हुआ जब आरोपी ने अपने एक वकील को पूरी जानकारी दी. वकील ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद शेषाद्रिपुरम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया.

पुलिस जांच में जुटी

मामला दर्ज कर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतका का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी.

शहर में सामने आए अन्य मामले भी चिंता का विषय

इसी सप्ताह बेंगलुरु में दो अन्य हत्या के मामले भी चर्चा में रहे. एक मामले में रिश्ते को लेकर हुए विवाद में एक युवती की हत्या का आरोप उसके साथी पर लगा, जबकि दूसरे मामले में पारिवारिक कलह के चलते एक होमगार्ड महिला की जान चली गई. इन घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि व्यक्तिगत संबंधों में बढ़ता तनाव किस तरह गंभीर अपराधों का रूप ले सकता है.