फ्रिज से फल चुराकर खाए, नाक खुजाकर बनाई रोटियां, AI कैमरे ने खोली कुक की पोल! जानें फिर क्या हुआ
पंकज ने X पर लिखा- 'यह AI कुक के कुकिंग के दौरान मॉनिटर करता है और जैसे ही वो कुछ लेती है, मुझे पिंग कर देता है. हफ्ते का रिपोर्ट भी भेजता है. मैंने इसे ट्रेन किया है कि वो चेक करे कि कुक हाथ धोकर कुकिंग करती है या नहीं और काम खत्म करने के बाद स्लैब साफ करती है या नहीं.'
बेंगलुरु: बेंगलुरु में एक टेक प्रोफेशनल ने घर की किचन में AI टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके अपनी कुक को फल चुराते हुए पकड़ लिया है. इस घटना ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी हैं. टेकी पंकज तंवर ने बताया कि उन्हें शक था कि उनकी कुक (जिनकी सैलरी सिर्फ ₹4800 थी) फ्रिज से फल चुरा रही है. इसलिए उन्होंने अपना खुद का बनाया हुआ AI सिस्टम, जिसे वे 'AI रूममेट' कहते हैं, किचन में लगा दिया.
यह AI टूल घर के कैमरे से जुड़ा हुआ है. यह किचन की हर हरकत पर नजर रखता है और जैसे ही कुछ असामान्य होता है, तुरंत अलर्ट भेज देता है. पंकज ने X पर लिखा- 'यह AI कुक के कुकिंग के दौरान मॉनिटर करता है और जैसे ही वो कुछ लेती है, मुझे पिंग कर देता है. हफ्ते का रिपोर्ट भी भेजता है. मैंने इसे ट्रेन किया है कि वो चेक करे कि कुक हाथ धोकर कुकिंग करती है या नहीं और काम खत्म करने के बाद स्लैब साफ करती है या नहीं.'
AI ने उनकी शक की पुष्टि की. एक हफ्ते में ही कुक को दो बार फल चुराते पकड़ा गया. AI के लॉग्स में डिटेल्स शेयर की गईं. एक बार AI ने नोट किया, 'वो शाम 7:12 बजे आई. सबसे पहले फ्रिज खोला - कुकिंग चेक करने के लिए नहीं, बस खड़ी रही, 2 सेब लिए और बैग में डाल दिए. फिर कुकिंग शुरू की.'
मंगलवार का केला गायब, गुरुवार को ब्लूबेरी खाते पकड़ी गई
एक और रिपोर्ट में बताया गया कि कुक ने फ्रिज 4 बार बिना वजह खोला, 3 सेब गायब हुए, मंगलवार का केला गायब, गुरुवार को ब्लूबेरी खाते पकड़ी गई - 6-7 बेरी खा लीं, फ्रिज के पास खड़ी होकर. AI ने हाइजीन पर भी नजर रखी. एक अपडेट में कहा गया कि कुक ने डस्टबिन का ढक्कन छुआ, नाक खुजाई और उसी हाथ से चपाती बेली.
पंकज ने AI से वीकली रिपोर्ट मांगी, जिसमें चोरी की पूरी डिटेल्स आईं. सबूत मिलने के बाद उन्होंने कुक को तुरंत निकाल दिया. उन्होंने लिखा- 'मैंने उसे दो बार पकड़ा और बस निकाल दिया.' यह मामला वायरल हो गया है. कई लोग इसे टेक्नोलॉजी का कमाल बता रहे हैं, तो कुछ इसे प्राइवेसी का मुद्दा मान रहे हैं.