कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) द्वारा आयोजित पशु चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा में धांधली के आरोप में आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार को हिरासत में लिया गया है. वर्ष 2016 बैच के अधिकारी गंगवार से सीआईडी लगातार पूछताछ कर रही थी. जांच में सहयोग न करने के कारण अधिकारियों ने यह कदम उठाया.
सीआईडी की टीम ने शनिवार से पहले शुक्रवार को भी गंगवार से लगभग नौ घंटे तक पूछताछ की थी. वह वर्तमान में राज्य के उद्योग और वाणिज्य विभाग में एमएसएमई (MSME) निदेशक के पद पर कार्यरत हैं. जिस समय परीक्षा में अनियमितताएं हुईं, उस दौरान वह केपीएससी में परीक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे.
इस मामले में 23 अगस्त की परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियों को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी सक्रिय है. ईडी ने बेंगलुरु और बरेली स्थित उनके ठिकानों पर छापेमारी की थी. विधान सौधा थाने में दर्ज इस केस को 28 जुलाई को सीआईडी को सौंपा गया था. आरोप है कि पशुपालन विभाग में अधिकारियों की भर्ती के दौरान नियमों की अनदेखी और धांधली की गई.