अंधविश्वास बना मौत का कारण, जादू-टोना के शक में पति-पत्नी और बेटे को काट डाला; गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर की तोड़फोड़
गोड्डा में जादू-टोना के शक में पति-पत्नी और बेटे की हत्या कर दी गई. पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है.
गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले में जादू-टोना के शक में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है. देवडांड थाना क्षेत्र के बिशन टोला डंगा गांव में यह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां पति-पत्नी और उनके नाबालिग बेटे को टंगी से काटकर मार डाला गया. इस ट्रिपल मर्डर के बाद गांव में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
मृतकों की पहचान 50 वर्षीय दरबारी मुर्मू, उनकी 45 वर्षीय पत्नी मक्कू बास्की और 13 वर्षीय बेटे जीतनारायण मुर्मू के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि आरोपियों ने डायन-बिसाही यानी जादू-टोना के शक में इस वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया है.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
गुस्साए ग्रामीणों ने क्या किया?
इस निर्मम हत्या के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों के घर पर हमला कर दिया और वहां तोड़फोड़ की. लोगों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की बर्बर घटना को अंजाम देने वालों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए. हालात को नियंत्रित करने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
मामले की जांच के लिए एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी, देवडांड थाना प्रभारी अमित मार्की और पौड़याहाट थाना प्रभारी महावीर पंडित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है.
शुरुआती जांच में क्या है आया सामने?
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह मामला डायन-बिसाही से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है. हालांकि अधिकारी सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रहे हैं, ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके. आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
यह घटना एक बार फिर समाज में फैली अंधविश्वास की कुरीतियों को उजागर करती है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों और अंधविश्वास से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून का सहारा लें.
और पढ़ें
- नई गाड़ियां और नए थाने...झारखंड पुलिस को मिलने जा रही बड़ी सौगात, आज CM हेमंत सोरेन 1485 नए वाहनों को दिखाएंगे हरी झंडी
- झारखंड में मौसम का खेल: देवघर से धनबाद तक आंधी-तूफान के साथ बारिश के आसार, 15 जिलों में IMD का ऑरेंज अलर्ट
- झारखंड में अचानक बदला मौसम का मिजाज, गर्मी के बीच राहत की बारिश; इन 15 जिलों के लिए वज्रपात का अलर्ट जारी