झारखंड के पलामू जिल से दर्दनाक हादसे की बड़ी खबर सामने आ रही है. जिसमें पाटन थाना क्षेत्र के गहर पथरा मोड़ के पास तेज रफ्तार एसयूवी ने मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में तीन नाबालिग लड़कों की मौके पर ही मौत हो गई.
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे शोले गांव के रहने वाले थे. वे सिरमा बाजा बाजार से अपने गांव लौट रहे थे, तभी मेदिनीनगर-पाटन मुख्य सड़क पर यह दुर्घटना हो गई. तेज गति से आ रही एसयूवी ने उनके मोपेड को पीछे से टक्कर मार दी.
मिल रही जानकारी के मुताबिक हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत पास के एमआरएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.मृतकों की पहचान 13 वर्षीय ईब्रान अंसारी, 12 वर्षीय फिरोज अंसारी और 16 वर्षीय तौहीद अंसारी के रूप में हुई है. तीनों शोले गांव के ही रहने वाले थे थे. ईब्रान अंसारी के पिता अमरूद्दीन अंसारी उस समय घर पर मौजूद थे, जबकि अन्य दो बच्चों के पिता इस्ताक अंसारी और नसीम अंसारी चंडीगढ़ में काम करते हैं. घटना की सूचना मिलते ही दोनों पिता गांव के लिए रवाना हो गए हैं.
परिजनों ने बताया कि शवों को अंतिम संस्कार के लिए पिता के लौटने तक सुरक्षित रखने की तैयारी की जा रही है. उन्होंने शवों को बर्फ की मदद से दो दिन तक संरक्षित रखने की योजना बनाई है ताकि पिता पहुंचने के बाद उचित अंतिम संस्कार किया जा सके. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल एसयूवी को जब्त कर लिया है. हालांकि, कार चलाने वाला चालक मौके से फरार हो गया है.
पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है. पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है. मामले में आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. परिजन इस हादसे से बेहद सदमे में हैं. इस घटना ने तीनों परिवारों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी है. स्थानीय प्रशासन ने भी संवेदना व्यक्त की है और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है.