झारखंड में श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन के ट्रैक पर फंसा भेड़िए का सिर और पटरी से उतर गई ट्रेन, यात्रियों में मची अफरा तफरी
झारखंड के सिल्ली-मुरी-बोकारो रेलखंड पर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का एक पहिया पटरी से उतर गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पॉइंट एंड क्रॉसिंग में भेड़िए का सिर फंसने के कारण यह घटना हुई.
रांची: झारखंड में शनिवार तड़के श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन के साथ एक अजीबोगरीब हादसा हुआ. सिल्ली-मुरी-बोकारो रेलखंड पर ट्रेन संख्या 08895 का एक पहिया पटरी से उतर गया. हादसा पोल संख्या 354/एसए-4 के पास हुआ. ट्रेन के इंजन से तीसरे कोच संख्या एसईसी 64776 का एक पहिया पटरी से उतरने के बाद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. हालांकि राहत की बात रही कि हादसे में किसी यात्री के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है.
ट्रेन में बड़ी संख्या में कांवरिया यात्रा कर रहे थे. घटना के बाद रेलवे और सुरक्षा बलों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. कोच में सवार सभी कांवरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. किसी भी यात्री को गंभीर परेशानी नहीं हुई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रेलवे ट्रैक के पॉइंट एंड क्रॉसिंग में भेड़िए का सिर फंस गया था. इसी वजह से ट्रेन के तीसरे कोच का एक पहिया पटरी से उतर गया.
क्या लिया गया एक्शन?
घटना की जानकारी मिलते ही रांची रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस के जवान भी घटनास्थल पर पहुंच गए. राहत दल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए पटरी से उतरे कोच को दोबारा रेल लाइन पर लाने का काम शुरू किया.
Also Read
रेलवे की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कोच को वापस पटरी पर ला दिया. इसके बाद प्रभावित कोच को मुरी यार्ड भेज दिया गया. घटनास्थल पर रेलवे ट्रैक की जांच और मरम्मत का काम भी शुरू किया गया. यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस दौरान कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया.
कैसी है वहां की स्थिति?
रेलवे अधिकारियों की कार्रवाई के बाद बोकारो रेलखंड पर सुबह करीब 5:15 बजे रेल परिचालन दोबारा बहाल कर दिया गया. इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया. हादसे के कारण यात्रियों को कुछ समय के लिए परेशानी जरूर हुई, लेकिन किसी यात्री के हताहत नहीं होने से रेलवे और यात्रियों ने राहत की सांस ली.
कहां हुई घटना?
इस घटना में जिस पॉइंट एंड क्रॉसिंग का जिक्र किया गया है, वह रेलवे ट्रैक की बेहद महत्वपूर्ण व्यवस्था होती है. इसकी मदद से ट्रेन को एक रेल लाइन से दूसरी लाइन पर सुरक्षित तरीके से भेजा जाता है. पॉइंट में चलायमान रेल हिस्से होते हैं, जिन्हें ट्रेन की दिशा बदलने के लिए निर्धारित स्थिति में रखा जाता है.