रांची RIMS में MBBS छात्र ने की आत्महत्या, हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव
रांची के RIMS अस्पताल के हॉस्टल नंबर 8 में MBBS सेकंड ईयर छात्र अक्षित कुजूर का शव फंदे से लटका मिला। छात्र के डिप्रेशन में होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी।
झारखंड की राजधानी रांची स्थित आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. रिम्स के हॉस्टल नंबर 8 में एमबीबीएस सेकंड ईयर के छात्र अक्षित कुजूर का शव फांसी के फंदे से लटका मिला है. घटना के बाद अस्पताल परिसर और छात्रों के बीच हड़कंप मच गया. शुरूआती जानकारी के मुताबिक छात्र पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
मृतक छात्र अक्षित कुजूर झारखंड के सिमडेगा जिले का रहने वाला था. हालांकि उसका परिवार वर्तमान में पंजाब में रह रहा है. घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन और बरियातू थाना पुलिस ने परिजनों को दे दी है. परिजनों के रांची पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. फिलहाल शव रिम्स अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है.
पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात खाना खाने के बाद अक्षित अपने कमरे में सोने चला गया था. शनिवार की सुबह उसके दोस्त कमरे में पहुंचे तो वह फंदे से लटका मिला. दोस्तों ने तुरंत उसे रिम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने काफी प्रयास किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका.
घटना की सूचना मिलते ही बरियातू थाना पुलिस और रिम्स प्रबंधन मौके पर पहुंचे. पुलिस छात्र की आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है. कमरे की तलाशी ली जा रही है ताकि कोई सुसाइड नोट या अन्य सुराग मिल सके.
रिम्स के निदेशक बोले- मानसिक रूप से डिस्टर्ब था छात्र
रिम्स के निदेशक डा. राजकुमार ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि अक्षित 2024 बैच का छात्र था. उसके दोस्तों के मुताबिक वह कुछ समय से परेशान और मानसिक रूप से डिस्टर्ब लग रहा था. लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा. उन्होंने यह भी कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि रूम शेयरिंग में रहने के बावजूद उसके करीबी मित्र उसकी मानसिक स्थिति को समझ नहीं सके. इस घटना ने मेडिकल छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और तनाव को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
2024 में भी हुई थी दर्दनाक घटना
बता दें कि इससे पहले अक्टूबर 2024 में रिम्स के हॉस्टल में एक दुखद घटना सामने आई थी, जब पीजी सेकंड ईयर के छात्र डा. आकाश भेंगरा ने महिला मित्र के साथ हॉस्टल नंबर-4 की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी थी.