NEET Re Exam 2026: झारखंड के 67 केंद्रों पर होगी पुनर्परीक्षा, एग्जाम सेंटर के 200 मीटर दायरे में लागू रहेगी धारा 163

नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा के लिए झारखंड में 67 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं रांची में सबसे ज्यादा 21 केंद्रों पर परीक्षा होगी सुरक्षा को देखते हुए केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा 163 लागू रहेगी और अभ्यर्थियों को सख्त जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा

X
Babli Rautela

रांची: नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर झारखंड में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. राज्य के 21 शहरों में कुल 67 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां रविवार को लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़ी यह महत्वपूर्ण परीक्षा आयोजित होगी. प्रशासन और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं.

रांची में सबसे अधिक परीक्षा केंद्र

राजधानी रांची में सबसे अधिक 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इसके अलावा राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी परीक्षा आयोजित की जाएगी. परीक्षा की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सभी केंद्रों पर मॉक ड्रिल आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की. संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.

परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होगी और सभी केंद्रों पर एक ही पाली में आयोजित की जाएगी. अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. उम्मीदवारों को सुबह 11 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है. केंद्रों में प्रवेश दोपहर 1 बजकर 30 मिनट तक ही दिया जाएगा, इसके बाद गेट बंद कर दिए जाएंगे.


सख्त जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन जांच होगी. उम्मीदवारों को हल्के और साधारण कपड़े पहनकर आने का निर्देश दिया गया है. मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. आभूषण पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

परीक्षा केंद्रों के आसपास लागू रहेगी धारा 163

परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा 163 लागू की गई है. इस दौरान पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी. प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की है.

पेपर लीक विवाद के बाद हो रही पुनर्परीक्षा

गौरतलब है कि तीन मई को आयोजित नीट यूजी 2026 परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी. अब करीब सात सप्ताह बाद दोबारा परीक्षा कराई जा रही है. देशभर के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में पांच हजार से अधिक केंद्रों पर 22 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे.

विश्वसनीयता की बड़ी परीक्षा

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने कहा है कि इस बार केवल छात्रों की परीक्षा नहीं बल्कि पूरी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता भी दांव पर है. एजेंसी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और किसी भी अफवाह से बचें. जानकारी साझा करने के लिए विशेष व्हाट्सऐप चैनल भी शुरू किया गया है. नीट पुनर्परीक्षा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं ताकि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके.