जम्मू-कश्मीर में दो SPO की हत्या! गोलियों से छलनी मिले शव, इलाके में मचा हड़कंप

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. बुधवार को 17 राष्ट्रीय राइफल्स से जुड़े दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) लापता हो गए थे. अब दोनों के शव बरामद किए गए हैं.

India Daily 24x7
Shilpa Srivastava

किश्तवाड़: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. बुधवार को 17 राष्ट्रीय राइफल्स से जुड़े दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) लापता हो गए थे. अब दोनों के शव बरामद किए गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, दोनों की गोली मारकर हत्या की गई है. बताया जा रहा है कि लापता होने के समय दोनों SPO के पास हथियार भी थे, लेकिन शवों के पास कोई हथियार नहीं मिला. फिलहाल घटना के पीछे की वजह और आरोपियों को लेकर जांच जारी है.

धेरना पोस्ट की तरफ जा रहे थे जवान:

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में मारे गए दोनों स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की पहचान रशपाल कुमार (40) और बॉबी चंद (54) के रूप में हुई है. दोनों स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) से जुड़े थे. जानकारी के मुताबिक, 11 नवंबर को दोपहर दोनों सेना के जवानों के साथ गश्त पर निकले थे और धेरना पोस्ट की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उनसे संपर्क टूट गया. इससे पहले दोपहर करीब 3:30 बजे इलाके में गोलीबारी की आवाजें भी सुनी गई थीं. बाद में दोनों के शव गोलियों से छलनी हालत में बरामद हुए.


चलाया गया था तलाशी अभियान:

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दच्छन इलाके में लापता हुए दोनों स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव गुरुवार को बरामद किए गए. दोनों बुधवार को इलाके के ऊंचे पहाड़ी और घने जंगलों से लापता हो गए थे. उनकी तलाश के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था.

तलाशी अभियान में ड्रोन और स्निफर डॉग्स की मदद ली गई. दुर्गम पहाड़ी रास्तों और जंगलों में विशेष टीमें लगातार उनकी तलाश कर रही थीं. गुरुवार को दच्छन के जंगलों में दोनों के शव मिले. सूत्रों के मुताबिक, शव उस स्थान से करीब 2 किलोमीटर दूर बरामद हुए, जहां से दोनों लापता हुए थे. उनके शरीर पर गोलियों के कई निशान पाए गए हैं. फिलहाल, घटना में शामिल आतंकियों की तलाश के लिए सुरक्षा बलों का अभियान जारी है.