गहने खरीदने का सपना होगा पूरा? भाई दूज के बाद सोने चांदी के भाव धड़ाम! चेक करें ताजा रेट

त्योहारों का मौसम खत्म होते ही सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: त्योहारों के बाद सोने चांदी की खरीदारी का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बाजार से राहत भरी खबर आई है. भाई दूज के अगले दिन यानी गुरुवार को दोनों कीमती धातुओं के भाव में गिरावट दर्ज की गई. घरेलू बाजार से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक सोने और चांदी की चमक कुछ फीकी पड़ी है. खास बात यह है कि चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना चांदी कमजोर

विदेशी बाजार कॉमेक्स पर भी गुरुवार को दोनों धातुओं में गिरावट दर्ज की गई. सोने की कीमत 0.41 प्रतिशत फिसलकर 3,983.90 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. वहीं, चांदी में इससे ज्यादा कमजोरी देखने को मिली. इसके भाव 1.25 प्रतिशत गिरकर 51.350 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते नजर आए. अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई इस गिरावट का असर घरेलू कारोबार में भी दिखाई दिया.

घरेलू बाजार में सोने चांदी के भाव गिरे

भारतीय बाजार में भी गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतें नीचे आईं. सोना करीब 1.39 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार करता दिखाई दिया. दूसरी ओर, चांदी का भाव लगभग 1.82 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर रहा. त्योहारों के बाद कीमतों में आई इस नरमी से उन लोगों को राहत मिल सकती है, जो लंबे समय से गहने खरीदने के लिए सही मौके का इंतजार कर रहे थे.


एमसीएक्स पर सोने की कीमत में 689 रुपये की गिरावट

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाले सोने में 689 रुपये तक की गिरावट दर्ज की गई. इसके बाद भाव 1,39,028 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. वहीं, चांदी की कीमत में करीब 2,000 रुपये की कमी आई. एमसीएक्स पर इसका भाव गिरकर 1,82,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करता दिखाई दिया.

24, 22 और 18 कैरेट सोने के ताजा भाव

बुलियन बाजार में अलग अलग शुद्धता वाले सोने की कीमतों में भी अंतर देखने को मिला. उपलब्ध बाजार आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोना करीब 1,39,790 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था. वहीं, 22 कैरेट सोने का भाव लगभग 1,28,141 रुपये और 18 कैरेट सोने की कीमत करीब 1,04,843 रुपये प्रति 10 ग्राम रही.