T20 World Cup 2026

झारखंड में शिक्षकों की बड़ी भर्ती, स्पेशल टीचर के 3451 पदों पर आवेदन 12 दिसंबर से शुरू

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने स्पेशल टीचर के 3451 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है. आवेदन प्रक्रिया 12 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 13 जनवरी 2026 तक चलेगी.

Pinterest
Reepu Kumari

झारखंड में शिक्षकों की लंबे समय से प्रतीक्षित भर्ती का रास्ता खुल गया है. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने स्पेशल टीचर के 3451 पदों पर नियुक्ति के लिए विस्तृत नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इसके साथ ही वे उम्मीदवार, जो राज्य में बतौर शिक्षक सेवा देना चाहते हैं, अब निर्धारित तिथि से आवेदन कर सकेंगे.

इस भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 12 दिसंबर 2025 से शुरू होगा और 13 जनवरी 2026 तक चलेगा. उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म भर सकेंगे. आयोग ने इस भर्ती को पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के तहत पूरा करने की बात कही है.

कुल 3451 पदों पर नियुक्तियां

स्पेशल टीचर भर्ती के तहत कुल 3451 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आयोग के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी और उम्मीदवार निर्धारित तिथि पर वेबसाइट jssc.jharkhand.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे. यह भर्ती राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षक कमी को पूरा करने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

आयु सीमा

उम्मीदवारों की आयु सीमा 1 अगस्त 2025 के आधार पर तय की जाएगी. सामान्य वर्ग के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष, ओबीसी के लिए 42 वर्ष, महिला उम्मीदवारों के लिए 43 वर्ष और एससी-एसटी उम्मीदवारों के लिए 45 वर्ष निर्धारित की गई है. साथ ही न्यूनतम आयु 21 वर्ष अनिवार्य है.

योग्यता

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से डीएड या बीएड की डिग्री होना आवश्यक है. इसके साथ आयोग द्वारा तय अन्य पात्रताएं भी पूरी होनी चाहिए. शैक्षणिक योग्यता की जांच ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के बाद दस्तावेज सत्यापन के समय की जाएगी.

आधिकारिक वेबसाइट

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘Online Application for JIGTSEATCCE-2025’ लिंक पर क्लिक करना होगा. इसके बाद सभी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज कर दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन सबमिट होने के बाद उम्मीदवारों को फॉर्म का प्रिंट आउट सुरक्षित रखना होगा.

परीक्षा शुल्क

परीक्षा शुल्क सामान्य उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये और एससी-एसटी उम्मीदवारों के लिए 50 रुपये निर्धारित किया गया है. शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से ही किया जाएगा. आयोग ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे आवेदन से पहले नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ें और सभी शर्तें समझकर ही आवेदन करें.