'गोली चलने ही वाली थी...' झारखंड में दिनदहाड़े किडनैप हुई छात्रा, फिल्मी अंदाज में पुलिस ने ऐसे बचाई जान
रांची से अगवा की गई स्कूली छात्रा को झारखंड पुलिस ने रामगढ़ जिले के कुजू में सुरक्षित बरामद कर लिया. पुलिस के डर से अपराधियों ने छात्रा को चलती कार से सड़क पर फेंक दिया और फरार हो गए. मांडू थाना प्रभारी सदानंद ने बहादुरी दिखाते हुए अपराधियों का पीछा किया.
झारखंड के रांची से अगवा की गई एक स्कूली छात्रा को पुलिस ने मंगलवार को सुरक्षित बरामद कर लिया. छात्रा को रामगढ़ जिले के कुजू थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिस से डरकर चलती कार से फेंक दिया.
एसएसपी/डीआईजी चंदन कुमार सिन्हा ने छात्रा की सकुशल बरामदगी की पुष्टि की है. जानकारी के मुताबिक, पुलिस की गोली चलाने की तैयारी थी, लेकिन कार के अंदर छात्रा को देख अधिकारियों ने तुरंत निर्णय बदला और पीछा जारी रखा. नतीजतन, अपराधी लड़की को छोड़कर फरार हो गए.
अपहरण की सूचना मिलते ही जिले भर में नाकेबंदी
रामगढ़ के एसपी अजय कुमार ने बताया कि रांची से छात्रा के अपहरण की सूचना मिलते ही जिले भर में नाकेबंदी कर दी गई थी. इसी बीच मांडू और कुजू के बीच एक तेज रफ्तार कार पुलिस की नजर में आई. कार की गति करीब 150 किलोमीटर प्रतिघंटा थी. मांडू थाना प्रभारी सदानंद ने बिना समय गंवाए कार का पीछा शुरू किया.
Also Read
लड़की को कार में देख नहीं चलाई गोली
पुलिस ने पीछा करते हुए अपराधियों की कार को टक्कर भी मारी, लेकिन वे नहीं रुके. तभी थाना प्रभारी सदानंद ने पिस्तौल निकाल अपराधियों को निशाने पर लिया, लेकिन जब उन्होंने देखा कि लड़की कार में मौजूद है, उन्होंने गोली चलाने का इरादा छोड़ दिया.
लड़की को फेंककर भागे अपराधी
पुलिस की मौजूदगी और बंदूक तने होने के कारण अपराधी घबरा गए और कुजू के पास चलती कार से लड़की को फेंककर भाग निकले. छात्रा पूरी तरह सुरक्षित है. हजारीबाग पुलिस के सहयोग से अपराधियों की धरपकड़ के प्रयास जारी हैं. पुलिस की सतर्कता और धैर्य से एक बड़ी घटना टल गई और छात्रा को सुरक्षित घर पहुंचाया गया. अधिकारी जल्द ही अपराधियों को पकड़ने का दावा कर रहे हैं.