US Israel Iran War

झारखंड में बीजेपी का बड़ा एक्शन प्लान तैयार, हर जिले में प्रवास कर हेमंत सरकार की कमियां उजागर करेंगे नेता

झारखंड में बीजेपी ने हेमंत सरकार के खिलाफ जिला प्रवास अभियान की तैयारी की है. पार्टी नेता हर जिले में जाकर भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और सरकारी योजनाओं की कमियों को जनता के सामने रखेंगे.

Google
Dhiraj Kumar Dhillon

झारखंड में हेमंत सरकार कमियां उजागर करने के भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने खास प्लान तैयार किया है. इस प्लान के तहत बीजेपी के बड़े नेता हर जिले में प्रवास करेंगे. लोगों के बीच रहकर बीजेपी नेता सरकारी योजनाओं की कमियों की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित करने के साथ भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाएंगे. इतना ही नहीं प्रवास के दौरान बीजेपी नेता स्थानीय कार्यकर्ताओं से भी फीडबैक लेंगे और आवश्यक सुझावों पर अमल करने के ल‌िए पार्टी आलाकमान तक पहुंचाएंगे. 

बीजेपी अध्यक्ष बोले- जनता के मुद्दों पर करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू ने बताया कि उनकी टीम सूबे के अलग- अलग जिलों में जाकर प्रवास करेगी और साथ ही मी‌डिया से जन समस्याओं और जनता से जुड़े अहम मुद्दों पर बात करेंगे. उन्होंने बताया कि अभी पार्टी का प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है. प्रशिक्षण कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अगले महीने से प्रवास कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे. इस कार्यक्रम की शुरूआत संताल परगना से किए जाने का निर्णय लिया गया है. पार्टी का कार्यक्रम है कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले संताल और उत्तरी छोटानागपुर जिलों का प्रवास कार्यक्रम संपन्न हो जाए. उन्होंने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशन में प्रवास कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है.

पीएम मोदी अपील पर किया जाएगा अमल

आदित्य साहू ने कहा कि प्रवास कार्यक्रम के दौरान बीजेपी नेता बिना किसी लाव-लश्कर के विभिन्न जिलों में पहुंचेंगे ताकि प्रधानमंत्री की डीजल- पेट्रोल बचाने वाली अपील पर अमल किया जा सके. इसीलिए पार्टी ने बड़े स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन फिलहाल स्थगित रखने का निर्णय लिया है. बताया जा रहा है कि लंबे समय से संगठन में जगह पाने का इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं के लिए भी जल्द ही अच्छी खबर मिलने वाली है. केंद्रीय नेतृत्व से सहमति प्राप्त करने के बाद आदित्य साहू राज्य में मोर्चों और प्रकोष्ठों के गठन का ऐलान करने के साथ नामों की सूची जारी करेंगे.