West Bengal Assembly Election 2026

झारखंड में हाथियों का आतंक, खेत से घर तक मौत बनकर पहुंचा हाथियों का झुंड, महिला समेत दो की मौत

झारखंड के कोडरमा में हाथियों के हमले में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. वन विभाग ने इलाके में अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Freepik
Babli Rautela

झारखंड के कोडरमा जिले में एक बार फिर हाथियों का आतंक देखने को मिला है. यहां हाथियों के झुंड ने दो लोगों को कुचलकर मार डाला, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. मृतकों की पहचान देवघर निवासी मजदूर बालेश्वर सोरेन और मुनिया बिरहोर के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई.

यह घटना कोडरमा जिला मुख्यालय से करीब 2 किलोमीटर दूर मरियमपुर और बोनाकाली इलाके में हुई. बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात हाथियों का झुंड इलाके में घुस आया. इस दौरान खेत में रखवाली कर रहे बालेश्वर सोरेन पर हाथियों ने हमला कर दिया और उन्हें कुचलकर मार डाला. इस घटना ने आसपास के लोगों को हिला कर रख दिया.

घर के बाहर सो रही महिला भी बनी शिकार

हाथियों का झुंड यहीं नहीं रुका. इसके बाद वह मरियमपुर गांव की ओर बढ़ गया. वहां घर के बाहर सो रही महिला मुनिया बिरहोर को भी हाथियों ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अब लोग अपने घरों के बाहर भी सुरक्षित नहीं हैं.

घटना के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. अधिकारियों के अनुसार हाथियों का झुंड अभी भी कोडरमा घाटी इलाके में मौजूद है और डेरा जमाए हुए है. वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खासकर खेतों में जाने वाले किसानों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के लिए कहा गया है. लोगों से बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की अपील भी की गई है.

हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश

वन विभाग और स्थानीय प्रशासन मिलकर हाथियों के झुंड को वापस जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि यह काम आसान नहीं है क्योंकि हाथियों का झुंड लगातार जगह बदल रहा है. टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि किसी और बड़े हादसे को रोका जा सके. गुरुवार को पुलिस और वन विभाग की टीम ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम कोडरमा सदर अस्पताल में किया गया. इसके बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया.