बोकारो में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 24 अफसरों का तबादला; SP ने जारी किया ट्रांसफर ऑर्डर

बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से 24 पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है. इस फेरबदल में इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी शामिल हैं.

Pinterest
Km Jaya

बोकारो में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है. बोकारो के एसपी नाथू सिंह मीणा ने 24 पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण किया है. आदेश के मुताबिक सभी अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है.

जारी तबादला आदेश में कई थाना प्रभारियों की जिम्मेदारी बदली गई है. पुलिस केंद्र में तैनात इंस्पेक्टर नित्यानंद महतो को बेरमो का थाना प्रभारी बनाया गया है. वहीं बेरमो थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह को बीटीपीएस थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है. सेक्टर चार के थाना प्रभारी संजय कुमार को माराफारी भेजा गया है, जबकि पुलिस केंद्र की इंस्पेक्टर ममता कुमारी को बीएस सिटी थाना प्रभारी बनाया गया है.

किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी?

पुलिस केंद्र में तैनात इंस्पेक्टर विक्रांत कुमार को सेक्टर छह थाना प्रभारी बनाया गया है. यातायात इंस्पेक्टर नितीश कुमार को सेक्टर चार थाना प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है. बीएस सिटी के थाना प्रभारी सुदामा कुमार दास को सेक्टर-12 भेजा गया है. साइबर थाना के इंस्पेक्टर अरविंद कुमार को बेरमो अंचल और सेक्टर-12 के थाना प्रभारी सुभाष चंद्र सिंह को चास मुफस्सिल अंचल में तैनाती दी गई है.


इसके अलावा साइबर थाना के इंस्पेक्टर अनिल कच्छप को गोमिया अंचल और सेक्टर छह की थाना प्रभारी संगीता को चंदनकियारी अंचल में इंस्पेक्टर के तौर पर भेजा गया है. पुलिस केंद्र की इंस्पेक्टर सुषमा कुमारी को यातायात थाना प्रभारी बनाया गया है. बीटीपीएस थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव और माराफारी थाना प्रभारी मोहम्मद आजाद खां को साइबर थाना भेजा गया है.

सब इंस्पेक्टर स्तर पर क्या हुआ बदलाव?

सब इंस्पेक्टर स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं. दुगदा थाना प्रभारी मनीष कुमार को बोकारो झरिया ओपी प्रभारी, जबकि हरला थाना के दारोगा अमित कुमार को दुगदा थाना प्रभारी बनाया गया है. नावाडीह थाना के एसआई राहुल कुमार राम को कथारा ओपी प्रभारी और बोकारो झरिया ओपी प्रभारी श्रीनिवास कुमार सिंह को चंद्रपुरा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है.

इसके अलावा अमरजीत कुमार सिंह को अमलाबाद, आवेंद्र कुमार साव को भोजूडीह, उदय शंकर शर्मा को बनगड़िया और अनिल लिंडा को नावाडीह का प्रभारी बनाया गया है. मुकेश दयाल सिंह को पेंक-नारायणपुर थाना प्रभारी और शशिकांत ठाकुर को मकौली टीओपी प्रभारी नियुक्त किया गया है.