अमेरिका में फंसे पति को बचाने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल
जींद के सफीदों में अमेरिका में फंसे पति को सुरक्षित निकालने का भरोसा देकर महिला से दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है.
हरियाणा के जींद जिले के सफीदों से महिला को पति की मदद का झांसा देकर दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है. महिला ने पानीपत जिले के जोशी गांव निवासी अनुज पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति वर्ष 2023 में अमेरिका गया था. वहां वह किसी परेशानी में फंस गया था. इसी दौरान उसके देवर ने उसकी मुलाकात अनुज से करवाई. आरोप है कि अनुज ने महिला को भरोसा दिलाया कि वह उसके पति को अमेरिका से सुरक्षित निकालने में मदद कर सकता है.
घर पहुंचकर वारदात करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 6 अगस्त 2025 की रात करीब 8 बजे अनुज महिला के घर पहुंचा. महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया और उसके साथ दुष्कर्म किया. इसी दौरान उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया.
Also Read
महिला के अनुसार, घटना के बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी. इतना ही नहीं, उसके पति को अमेरिका में नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर उसे डराया गया. महिला का आरोप है कि इसी डर का फायदा उठाकर आरोपी लंबे समय तक उसे ब्लैकमेल करता रहा और बार-बार दुष्कर्म करता रहा.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
महिला की शिकायत के आधार पर सदर सफीदों थाना पुलिस ने आरोपी अनुज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.