रोहतक: रोहतक के ब्राह्मणवास गांव में संपत्ति विवाद को लेकर 40 वर्षीय महिला पिंकी की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि उसके बेटे प्रिंस ने गला घोंटकर अपनी मां की जान ले ली. महिला के पिता की शिकायत पर पुलिस ने प्रिंस और उसके पति देवेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस को महिला की गर्दन पर दाव से हमले के तीन निशान भी मिले हैं.
घटना रविवार सुबह करीब साढे 11 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, पिंकी ब्राह्मणवास गांव स्थित अपने घर में रह रही थी. इसी दौरान संपत्ति को लेकर विवाद हुआ और कथित तौर पर उसके बेटे प्रिंस ने उसका गला घोंट दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
मृतका के पिता रामनिवास ने पुलिस को दी शिकायत में गंभीर आरोप लगाए हैं. पानीपत के इसराना ब्लाक के गांव बांध निवासी रामनिवास सेना से रिटायर्ड हैं. उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी पिंकी की शादी वर्ष 2002 में ब्राह्मणवास निवासी देवेंद्र के साथ की थी. शादी में उन्होंने अपनी क्षमता से अधिक दान दहेज दिया था.
रामनिवास का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही देवेंद्र और उसके परिवार के लोग कम दहेज लाने को लेकर पिंकी को परेशान करने लगे थे. उसके साथ कई बार मारपीट भी की गई. मामले को लेकर कई बार पंचायत हुई. आरोपित पक्ष के लोगों ने गलती मानने के बाद पिंकी को दोबारा ससुराल भेज दिया था.
रामनिवास के अनुसार, देवेंद्र का परिवार फिलहाल सोनीपत में रह रहा है, जबकि देवेंद्र खुद गुजरात में निजी नौकरी करता है. पिंकी ब्राह्मणवास स्थित घर में रह रही थी. वह 25 अगस्त को अपने मायके पहुंची थी. इस दौरान उसने अपने पिता को बताया था कि वह अपने बेटे प्रिंस और पति देवेंद्र से परेशान है.
पिंकी ने कथित तौर पर अपने पिता को बताया था कि जिस मकान में वह रह रही है, उसे उसका पति और बेटा मिलकर बेचना चाहते हैं. उसने यह भी कहा था कि अगर उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए प्रिंस और देवेंद्र जिम्मेदार होंगे. रामनिवास ने शिकायत में आरोप लगाया है कि प्रिंस ने अपने पिता के कहने पर उनकी बेटी की हत्या की है.
फिलहाल पुलिस ने प्रिंस और देवेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस हत्या के पीछे संपत्ति विवाद, दहेज उत्पीड़न और अन्य आरोपों की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.