सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. गोपालपुर गांव की सीमा के पास मजदूरों से भरी एक ईको कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बड़ेपुरा गांव के करीब 11 मजदूर और ईको चालक समेत कुल 12 लोग झज्जर की ओर जा रहे थे. बताया गया है कि सभी मजदूर वहां बाजरा काटने के लिए मजदूरी करने जा रहे थे. सुबह करीब पांच बजे जब ईको कार KMP एक्सप्रेसवे पर गोपालपुर गांव की सीमा के पास पहुंची, तभी उसकी ट्रक से टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
हादसे में तीन लोगों की जान चली गई. मृतकों में एक की पहचान रामनरेश पुत्र रामचंद्र, निवासी बड़ेपुरा, जिला पीलीभीत के रूप में हुई है. वहीं, दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है. हादसे के बाद दो शवों को खरखौदा के अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि एक शव क्षतिग्रस्त ईको कार में फंस गया. उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहत दल ने मौके पर बचाव कार्य शुरू किया.
बता दें कि हादसे में घायल हुए लोगों में विवेक, छोटू, हरिशंकर, खुशहाली, फातिलाल, महेंद्रपाल, संजीव, प्रमोद और नेवाराम शामिल हैं. सभी के बड़ेपुरा, पीलीभीत के रहने वाले होने की जानकारी सामने आई है. सभी घायलों को खरखौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उपचार जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का जायजा लिया. क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और कार में फंसे शव को निकालने का काम शुरू किया गया. पुलिस अब हादसे के कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है.