पानीपत के सिवाह गांव के पास हुआ दर्दनाक सड़क हादसा, दो दर्जन वाहन आपस में टकराए, कई लोग घायल

घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बहुत कम थी, जिससे एक ट्रक ने आगे चल रहे दूसरे वाहन को टक्कर मार दी. इसके बाद पीछे से आ रहे कई ट्रक, कारें और अन्य वाहन एक-दूसरे से भिड़ते चले गए. सिवाह सरकारी स्कूल के सामने फ्लाईओवर के ऊपर यह चेन रिएक्शन शुरू हुआ. करीब 20 से 25 वाहनों की टक्कर बताई जा रही है.

x
Antima Pal

पानीपत: हरियाणा के पानीपत जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है. गांव सिवाह के पास जीटी रोड पर करीब दो दर्जन वाहन आपस में टकरा गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस भीषण दुर्घटना में 4 से 5 लोग घायल हुए हैं, जबकि किसी की मौत की खबर अभी तक नहीं आई है. हादसा शनिवार सुबह लगभग 7 बजे हुआ.

पानीपत के सिवाह गांव के पास हुआ दर्दनाक सड़क हादसा

जानकारी के मुताबिक घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बहुत कम थी, जिससे एक ट्रक ने आगे चल रहे दूसरे वाहन को टक्कर मार दी. इसके बाद पीछे से आ रहे कई ट्रक, कारें और अन्य वाहन एक-दूसरे से भिड़ते चले गए. सिवाह सरकारी स्कूल के सामने फ्लाईओवर के ऊपर यह चेन रिएक्शन शुरू हुआ. कुल मिलाकर 20 से 25 वाहनों की टक्कर बताई जा रही है, जिसमें ज्यादातर हैवी वाहन शामिल थे.

क्रेन की मदद से टूटे-फूटे वाहनों को सड़क से हटाया जा रहा

घायलों में कुछ ड्राइवर और यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है. उन्हें तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किए. सेक्टर थाना 29 की पुलिस टीम ने दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की. क्रेन की मदद से टूटे-फूटे वाहनों को सड़क से हटाया जा रहा है.

करीब 2 घंटे से अधिक समय तक लगा रहा जाम

हादसे के कारण जीटी रोड पर करीब 2 घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा, जिससे दिल्ली-चंडीगढ़ जाने वाले वाहनों को काफी परेशानी हुई. यह इलाका पहले से ही सड़क हादसों के लिए कुख्यात है. विशेषज्ञों का कहना है कि घना कोहरा, तेज रफ्तार और लेन बदलने की गलती ऐसी घटनाओं का मुख्य कारण बनती है. मौसम विभाग ने भी उत्तर भारत में कोहरे की चेतावनी जारी की थी, जिसके बावजूद कई ड्राइवरों ने सावधानी नहीं बरती.

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में कोहरे के साथ लापरवाही का हाथ बताया जा रहा है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे में गाड़ी चलाते समय स्पीड कम रखें, फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें. इस तरह के हादसे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता की कमी को दर्शाते हैं. 

घटना के बाद स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए आगे आए. कुछ लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया. पुलिस ने जाम खुलवाने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी. उम्मीद है कि शाम तक ट्रैफिक सामान्य हो जाएगा.