फरीदाबाद: फरीदाबाद में शुक्रवार रात बसंतपुर गांव की सनलाइट कॉलोनी में एक आदमी ने अपनी अलग रह रही पत्नी को उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस की जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान 30 साल की संगीता देवी के रूप में हुई है. वह कुछ समय से अपने दो बच्चों के साथ अपने पति और ससुराल वालों से अलग रह रही थी. कपल का तलाक का केस कोर्ट में पेंडिंग था और पारिवारिक झगड़ा चल रहा था.
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे संगीता का पति कुछ परिवार वालों के साथ उसके घर पहुंचा. जब वह नहीं मिली तो वे लौटने लगे. इसी बीच संगीता को गली से आते देख उन्होंने उसे रोक लिया. दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते बढ़ गई.
झगड़े के दौरान संगीता ने अपना बचाव करने की कोशिश की और पीछे हट गई. इसके बाद उसके पति ने उस पर तीन राउंड फायरिंग की. दो गोलियां लगने से वह सड़क पर गिर गई. गोलियों की आवाज सुनकर आस-पास के लोग दौड़े और आरोपी भाग गए.
सूचना मिलने पर संगीता के पिता भी मौके पर पहुंचे. पड़ोसियों की मदद से घायल संगीता को सेक्टर 31 के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पल्ला थाना इंचार्ज इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश ने बताया कि हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है. आरोपी बिहार का रहने वाला है. शुरुआती जांच में तलाक का विवाद चल रहा है. आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीमें बनाई गई हैं. आगे की जांच जारी है.
हरियाणा से आई एक खबर ने सबको चौंका दिया है. गुरुग्राम में काम करने वाले अंशुल ने पुलिस को फोन करके बताया कि कुछ अनजान हमलावरों ने उन्हें लूटने की कोशिश की और उनकी पत्नी का गला काट दिया. जबकि हत्या पति ने ही की थी और लूटपाट की झूठी कहानी सुनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की.