IPL 2026 US Israel Iran War Weather IMD

सूरजकुंड मेले में झूला टूटने से बड़ा हादसा, लोगों को बचाते समय पुलिस इंस्पेक्टर से गंवाई अपनी जान; कई लोग हुए घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झूला टूटते ही पूरा इलाका डर और घबराहट के माहौल में बदल गया. लोग अपने बच्चों और परिवार वालों को ढूंढते नजर आए. कई लोग घबराकर जमीन पर गिर पड़े, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई.

Social Media
Anuj

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित प्रसिद्ध सूरजकुंड मेले के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मेले में लगा एक झूला अचानक टूट गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

हादसे में पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हुए है. हादसे के समय झूले के आसपास काफी संख्या में लोग मौजूद थे. झूला टूटते ही तेज आवाज के साथ चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. 

जिला उपायुक्त ने क्या बताया?

जगदीश प्रसाद लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश कर रहे थे, तभी वे खुद गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई. जिला उपायुक्त आयुष सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है.

लोगों में डर का माहौल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झूला टूटते ही पूरा इलाका डर और घबराहट के माहौल में बदल गया. लोग अपने बच्चों और परिवार वालों को ढूंढते नजर आए. कई लोग घबराकर जमीन पर गिर पड़े, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया.

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग के प्रबंध निदेशक और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. पूरे इलाके को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और राहत कार्य में कोई रुकावट न आए. और साथ ही दुर्घटनाग्रस्त झूले के आसपास के पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है.

मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

यह घटना सूरजकुंड मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करती है. गौरतलब है कि इससे पहले भी मेले के फूड कोर्ट इलाके में तेज हवा के कारण एक गेट गिरने की घटना हो चुकी है. लगातार हो रही ऐसी घटनाएं यह दिखाती हैं कि सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा है. प्रशासन ने साफ तौर पर कहा है कि इस हादसे की विस्तृत जांच की जाएगी और झूला संचालकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी. अगर सुरक्षा नियमों में लापरवाही पाई गई, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी.

प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की

फिलहाल, हादसे के बाद मेले में डर का माहौल है. कई परिवार अपने बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को देखते हुए मेला बीच में ही छोड़कर चले गए. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. सुरक्षा अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है, ताकि भविष्य में किसी और अनहोनी से बचा जा सके.