T20 World Cup 2026

कौन हैं अमेरिका के तेज गेंदबाज शैडली वैन शल्कविक? जिन्होंने एक ही ओवर में भारत को दिए 3 बड़े झटके

भारतीय पारी के छठे ओवर में शैडली वैन शल्कविक ने खास कमाल दिखाया. इस ओवर में उन्होंने कुल तीन विकेट लिए. ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने ईशान किशन को आउट किया.

Social Media
Anuj

मुंबई: आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरूआत की. यह मैच मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है,  जहां भारतीय टीम को पहले ही मुकाबले में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा.

इस मैच में यूएसए के एक तेज गेंदबाज ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. इस गेंदबाज का नाम है शैडली वैन शल्कविक, जिन्होंने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को झकझोर कर रख दिया.

अमेरिका की घातक गेंदबाजी

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज शैडली वैन शल्कविक ने पावरप्ले के दौरान बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए भारत के तीन अहम बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. उन्होंने तिलक वर्मा, ईशान किशन और शिवम दुबे को आउट कर भारतीय टीम को शुरुआती झटके दिए. इसके बाद अपने आखिरी ओवर में उन्होंने अर्शदीप सिंह का विकेट भी हासिल किया. शल्कविक ने अपने चार ओवरों में सिर्फ 25 रन दिए और कुल 4 विकेट झटके, जिससे भारतीय पारी दबाव में आ गई.

शैडली वैन ने भारत को दिए झटके

भारतीय पारी के छठे ओवर में शैडली वैन शल्कविक ने खास कमाल दिखाया. इस ओवर में उन्होंने कुल तीन विकेट लिए. ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने ईशान किशन को आउट किया, जिनका मिलिंद कुमार ने कैच पकड़ा. ईशान किशन ने 16 गेंदों में 20 रन बनाए. इसके बाद ओवर की पांचवीं गेंद पर शल्कविक ने तिलक वर्मा को 25 रन के निजी स्कोर पर आउट किया. इस बार कैच यूएसए के कप्तान मोनांक पटेल ने लपका. ओवर की आखिरी गेंद पर शल्कविक ने धीमी गेंद का इस्तेमाल करते हुए शिवम दुबे को चकमा दिया. शिवम दुबे बिना खाता खोले ही आउट हो गए.

हैट्रिक के बेहद करीब पहुंचे शल्कविक

इस तरह लगातार दो गेंदों पर विकेट लेने के बाद शैडली वैन शल्कविक हैट्रिक के बेहद करीब पहुंच गए थे. हालांकि. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अगली गेंद पर संभलकर खेलते हुए उन्हें यह उपलब्धि हासिल करने से रोक दिया. मैच से पहले ज्यादातर क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना था कि यूएसए की ओर से सौरभ नेत्रवलकर भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन सकते हैं, लेकिन शल्कविक ने अपने शानदार स्पेल से सभी को हैरान कर दिया और भारत के खिलाफ सबसे प्रभावी गेंदबाज बनकर उभरे.

कौन हैं शैडली वैन शल्कविक?

अगर शैडली वैन शल्कविक के करियर की बात करें, तो उनका जन्म साउथ अफ्रीका के केपटाउन शहर में हुआ था. उन्होंने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत साउथ अफ्रीका में घरेलू क्रिकेट से की. फरवरी 2008 में उन्होंने वेस्टर्न प्रोविंस की ओर से डेब्यू किया. इसके बाद नवंबर 2008 में उन्होंने अपना पहला फर्स्ट क्लास मैच खेला और जनवरी 2009 में ईगल्स की टीम के लिए डॉल्फिन्स के खिलाफ टी20 क्रिकेट में कदम रखा.

लंबे समय तक घरेलू क्रिकेट खेला

शल्कविक ने साउथ अफ्रीका में लंबे समय तक घरेलू क्रिकेट खेला है. उन्होंने 97 फर्स्ट क्लास मैचों में 2593 रन बनाए और 239 विकेट हासिल किए. लिस्ट ए क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है, जहां 124 मैचों में उन्होंने 1113 रन बनाए और 161 विकेट अपने नाम किए. वहीं, टी20 क्रिकेट में उन्होंने 121 मुकाबलों में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं और 124 विकेट भी लिए हैं. अपने अनुभव और शानदार गेंदबाजी के दम पर शैडली वैन शल्कविक ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खुद को एक मजबूत और खतरनाक गेंदबाज के रूप में साबित कर दिया है.