30 यात्रियों की जिंदगी लगी दांव पर..., निर्माणाधीन पुलिया के पास फंसी हरियाणा रोडवेज बस; कुरुक्षेत्र में टला बड़ा हादसा
कुरुक्षेत्र के पिहोवा क्षेत्र में पटियाला रोड पर निर्माणाधीन पुलिया के पास हरियाणा रोडवेज की बस नरम मिट्टी में धंसकर फंस गई. बस में करीब 30 यात्री सवार थे. समय रहते यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और दूसरी बस से भेज दिया गया.
कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब करीब 30 यात्रियों से भरी हरियाणा रोडवेज की बस निर्माणाधीन पुलिया के पास फंस गई. यह घटना पटियाला रोड पर बोढ़नी गांव के पास हुई, जहां सड़क किनारे पुलिया निर्माण का काम चल रहा है. बस पटियाला से पिहोवा बस स्टैंड की ओर आ रही थी.
जानकारी के अनुसार पुलिया के पास सड़क पर डाली गई ताजी और नरम मिट्टी के कारण बस का आगे का टायर अचानक धंस गया. टायर धंसने से बस सड़क और निर्माण स्थल के बीच फंस गई और आगे बढ़ना मुश्किल हो गया. बस में उस समय करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा तफरी का माहौल बन गया.
वहां मौजूद लोगों ने क्या बताया?
वहां मौजूद लोगों के अनुसार यदि बस थोड़ी भी असंतुलित होकर पलट जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था. पुलिया के पास बने गड्ढों में लोहे के बड़े सरिए खड़े थे, जिससे किसी भी दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों को गंभीर चोट लग सकती थी. हालांकि चालक ने बस को संभालने की पूरी कोशिश की और बस को पलटने से बचा लिया.
बस के फंसने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग और संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे. सबसे पहले यात्रियों को सुरक्षित बस से नीचे उतारा गया. बाद में उन्हें दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया. इस पूरी प्रक्रिया में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई.
बस के कंडक्टर ने क्या बताया?
बस के कंडक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि चालक बस को सामान्य और धीमी गति से चला रहा था. सड़क पर ताजी मिट्टी डाली गई थी, जिसके कारण टायर नीचे धंस गया. उन्होंने बताया कि इस स्थान पर करीब सात महीने से पुलिया निर्माण का काम चल रहा है और सड़क काफी संकरी हो गई है.
कंडक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि बस किसी वाहन को ओवरटेक करते समय नहीं फंसी. सड़क संकरी होने के कारण यहां ओवरटेक करना संभव भी नहीं है. बस सामान्य तरीके से आगे बढ़ रही थी, तभी यह घटना हो गई.
कैसे निकाला गया बस?
घटना के बाद क्रेन की मदद से बस को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया. प्रारंभिक तौर पर बस के ब्रेक या स्टेयरिंग में किसी तकनीकी खराबी की आशंका भी जताई जा रही है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि बस की जांच के बाद ही सही कारण सामने आ सकेगा. गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और समय रहते सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया.
और पढ़ें
- शिमला बना कांग्रेस का अभेद्य किला, क्रॉस वोटिंग के खौफ के बीच कुफरी में 'कैद' हुए 31 विधायक
- चुनावी तैयारी, UGC विवाद से लेकर घुसपैठ तक.., जानें हरियाणा में RSS की टॉप लीडरशिप की बैठक में किन - किन मुद्दों पर होगी चर्चा
- गुरूग्राम में 7 मजदूरों की मौत मामले में बिल्डर सहित 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज, जांच के लिए कमेटी गठित