अर्जुन रामपाल का कभी फ्लॉप फिल्मों ने तोड़ा हौसला, किराया देने तक के नहीं थे पैसे, फिर ऐसे बदली किस्मत
बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं. अपनी शानदार पर्सनैलिटी और दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले अर्जुन को फिल्म इंडस्ट्री में 25 साल से ज्यादा का समय हो चुका है.
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं. अपनी शानदार पर्सनैलिटी और दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले अर्जुन को फिल्म इंडस्ट्री में 25 साल से ज्यादा का समय हो चुका है. आज भले ही उनका नाम बॉलीवुड के चर्चित अभिनेताओं में लिया जाता है, लेकिन यहां तक पहुंचने का उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा.
एक समय ऐसा भी था जब उनकी लगातार 14 फिल्में फ्लॉप हो गई थीं. आर्थिक हालात इतने खराब हो गए थे कि उनके पास घर का किराया चुकाने तक के पैसे नहीं थे. इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार मेहनत करते रहे.
मॉडलिंग से शुरू हुआ था अर्जुन का सफर:
फिल्मों में आने से पहले अर्जुन रामपाल मॉडलिंग किया करते थे. इसी दौरान एक पार्टी में उनकी मुलाकात मशहूर फैशन डिजाइनर रोहित बल से हुई. रोहित बल ने उन्हें मॉडलिंग करने की सलाह दी और काम करने का मौका भी दिया. इसके बाद अर्जुन ने मॉडलिंग की दुनिया में अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी.
Also Read
मॉडलिंग में नाम कमाने के बाद उन्होंने फिल्मों की तरफ रुख किया. साल 2001 में फिल्म 'प्यार इश्क और मोहब्बत' से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा. इस फिल्म में उनके साथ सुनील शेट्टी, आफताब शिवदासानी और कीर्ति रेड्डी भी नजर आए थे. हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही. इसके बाद साल 2002 में आई फिल्म 'आंखें' से उन्हें अच्छी पहचान मिली.
लगातार 14 फिल्में फ्लॉप:
शुरुआती सफलता के बाद अर्जुन के करियर में मुश्किल दौर आया. उनकी लगातार 14 फिल्में फ्लॉप हो गईं. लगातार मिल रही असफलताओं के कारण वह अपने करियर से खुश नहीं थे. लेकिन उन्होंने एक्टिंग छोड़ने के बारे में नहीं सोचा. वह अच्छे मौके का इंतजार करते रहे और अपने काम पर ध्यान देते रहे.
अर्जुन रामपाल ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया था कि एक वक्त ऐसा आया जब उनके पास घर का किराया देने तक के पैसे नहीं थे. वह मुंबई के अंधेरी इलाके के सेवन बंगलोज में रहते थे. उस मुश्किल समय में उनके मकान मालिक ने उनका साथ दिया.
अर्जुन के मुताबिक, मकान मालिक हर महीने किराया लेने आते थे, लेकिन जब उन्हें उनकी आर्थिक स्थिति का पता चला तो उन्होंने पैसे के लिए दबाव नहीं बनाया. उन्होंने अर्जुन से कहा कि वह आराम से किराया चुका सकते हैं. इस मदद ने मुश्किल वक्त में अर्जुन को काफी राहत दी.
'रॉक ऑन' ने बदल दी किस्मत:
अर्जुन रामपाल के करियर में साल 2006 की फिल्म 'डॉन' से बदलाव आना शुरू हुआ. इसके बाद वह शाहरुख खान की फिल्म 'ओम शांति ओम' में विलेन के किरदार में नजर आए. लेकिन साल 2008 में रिलीज हुई फिल्म 'रॉक ऑन' उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुई. इस फिल्म में उनके अभिनय को खूब सराहा गया. शानदार प्रदर्शन के लिए अर्जुन रामपाल को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला.