US Israel Iran War

गुरुग्राम पुलिस ने किया दीपक नांदल गैंग के 4 बदमाशों का एनकाउंटर, 5 हथियार बरामद  

हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार रात एक बड़ी पुलिस मुठभेड़ हुई. साइबर सिटी के सुशांत लोक इलाके में क्राइम ब्रांच की टीम ने दीपक नांदल गैंग के चार बदमाशों को मार गिराया.

ANI X
Shilpa Srivastava

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार रात एक बड़ी पुलिस मुठभेड़ हुई. साइबर सिटी के सुशांत लोक इलाके में क्राइम ब्रांच की टीम ने दीपक नांदल गैंग के चार बदमाशों को मार गिराया. दीपक नांदल विदेश में बैठकर अपना गैंग चलाता है. पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि सुशांत लोक इलाके में कुछ हथियारबंद बदमाश एक स्कॉर्पियो कार में घूम रहे हैं. 

क्राइम ब्रांच की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. वहां बदमाशों ने एक व्यापारी के घर पर फायरिंग शुरू कर दी थी.  पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया और सरेंडर करने को कहा. लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर भी गोलियां चलानी शुरू कर दीं. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से पांच बदमाश घायल हो गए. उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चार बदमाशों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. एक बदमाश का इलाज चल रहा है.


5 ऑटोमेटिक हथियार किए गए बरामद:

मुठभेड़ में बदमाशों के पास से 5 ऑटोमेटिक हथियार बरामद किए गए. इस दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज चल रहा है. गुरुग्राम के डिप्टी पुलिस कमिश्नर (क्राइम) और डीसीपी (ईस्ट) भी मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए. पुलिस अब मारे गए बदमाशों की पहचान कर रही है.

मामले की वजह:

पुलिस के अनुसार, विदेश में बैठा दीपक नांदल गैंग लगातार एक व्यापारी से रंगदारी (पैसा) मांग रहा था. जब व्यापारी ने पैसा देने से मना कर दिया तो बदमाश उसके घर पर फायरिंग करने पहुंच गए. मारे गए सभी बदमाश दीपक नांदल गैंग के शूटर बताए जा रहे हैं. यह मुठभेड़ गुरुग्राम की सुरक्षा के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है कि बदमाशों के और कौन-कौन साथी हैं.