गुरुग्राम: दिल्ली एनसीआर में लगातार हो रही बारिश और भारी वर्षा की चेतावनी के बीच गुरुग्राम पुलिस ने कॉरपोरेट कंपनियों से कर्मचारियों को जहां संभव हो वहां वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि इस कदम से सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी, ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने क्षेत्र में दिनभर मध्यम से भारी बारिश, गरज चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है.
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों और चौराहों पर जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है. ऐसे में कार्यालय आने जाने वाले कर्मचारियों को भारी ट्रैफिक और लंबी देरी का सामना करना पड़ सकता है. इसी को देखते हुए कंपनियों से अनुरोध किया गया है कि जहां संभव हो कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दी जाए. इससे प्रशासन को भी यातायात प्रबंधन में मदद मिलेगी.
मंगलवार सुबह से ही दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और आसपास के कई इलाकों में लगातार बारिश दर्ज की गई. निचले इलाकों में पानी भरने के कारण कई सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. कार्यालय जाने वाले लोगों को सुबह के व्यस्त समय में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई प्रमुख मार्गों पर यातायात सामान्य से काफी धीमा रहा.
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक रुक रुक कर मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है. बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. लगातार वर्षा के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है, जिससे पिछले कई दिनों से बनी उमस से लोगों को राहत मिली है. हालांकि प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है.
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में हरियाणा में सबसे अधिक 80 मिलीमीटर बारिश गुरुग्राम में दर्ज की गई, जबकि करनाल में 78.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. बारिश के कारण गुरुग्राम का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे यह राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा. दूसरी ओर सिरसा में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत हरियाणा के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई है. प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले मार्गों से बचने, मौसम की जानकारी पर नजर रखने और केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है.