टेक-महिंद्रा के पूर्व एशिया हेड की 9 गोलियां मारकर हत्या, पार्किंग को लेकर पड़ोसी से हुआ था विवाद
फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया हेड परमजीत धनखड़ की पड़ोसी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी. पार्किंग विवाद को वारदात की वजह बताया जा रहा है.
हरियाणा के फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि पड़ोसी मोनू शर्मा ने शुक्रवार रात अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उन पर करीब 15 राउंड फायरिंग की. परमजीत को 9 गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पार्किंग में कुत्ते को शौच कराने और गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद चल रहा था. शुक्रवार रात परमजीत जिम से लौटे थे. उन्होंने अपनी तय पार्किंग की जगह पर खड़ी मोनू की गाड़ी हटाने को कहा. इसी बात पर आरोपी ने उन पर गोलियां चला दीं.
चार दिन पहले भी हुआ था झगड़ा
परमजीत का परिवार सेक्टर-21C की बिल्डिंग नंबर 641 की पहली मंजिल पर रहता है, जबकि आरोपी का परिवार तीसरी मंजिल पर रहता है. सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद के मुताबिक, घटना से 4-5 दिन पहले भी मोनू और परमजीत के बेटे शौर्य के बीच विवाद हुआ था. हालांकि, उस समय मामला सुलझ गया था.
Also Read
शादी में शामिल होने आए थे भारत
परमजीत सिंगापुर में रहते थे और 5 नवंबर को भारत आए थे. उन्हें 24 नवंबर को अपने भांजे की शादी में शामिल होना था. वारदात के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया. शौर्य की सूचना पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से कारतूसों के खोल मिले.
पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने शौर्य की शिकायत पर मोनू शर्मा उर्फ मोहन, उसकी पत्नी दिव्या, बेटे मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ मामला दर्ज किया है. परमजीत के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है.