खेलते-खेलते हुआ झगड़ा, 13 साल के बच्चे की चाकू मारकर हत्या से मचा हड़कंप
हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है. सेक्टर-56 इलाके में खेलने के दौरान दो बच्चों के बीच हुए विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया.
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है. सेक्टर-56 इलाके में खेलने के दौरान दो बच्चों के बीच हुए विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया. खबरों के अनुसार, 15 साल के एक किशोर ने 13 साल के बच्चे पर चाकू से हमला कर दिया. इस हादसे में उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद ही आरोपी मौके से फरार हो गया. बता दें कि यह घटना शाम करीब 7 बजे की है. मृत्तक की पहचान कन्नू के रूप में हुई. यह बच्चा अपने परिवार के साथ सेक्टर-56 स्थित आशियाना फ्लैट में रहता था.
परिजनों के मुताबिक, कन्नू घर के बाहर अपनी छोटी बहन के साथ खेल रहा था. उसकी बहन 1 साल की थी. इसी दौरान पास में रहने वाला 15 साल का किशोर वहां पहुंचा. दोनों बच्चे कुछ समय तक साथ खेल रहे थे. खबरों के अनुसार, खेलते समय दोनों के बीच धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हो गया. इसी दौरान किशोर ने कन्नू की छाती पर चाकू से हमला कर दिया. वारदात के बाद आरोपी चाकू लेकर वहां से चला गया.
मामले से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि:
घटना के समय वहां पर एक बच्चा मौजूद था, जिसने पुलिस को बताया कि आरोपी ने कन्नू पर चाकू से हमला किया था. हालांकि, मामले से जुड़ सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है. इसके बाद ही कुछ बता जाएगा. घटना की जानकारी मिलने के बाद पड़ोसी और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. कन्नू को घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिवार के मुताबिक, कन्नू के पिता लंबे समय से फरीदाबाद में रह रहे हैं और कबाड़ का काम करते हैं.
Also Read
पुलिस ने शुरू की जांच:
मामले की शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-58 थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बच्चे की मौत चाकू से हुए हमले के कारण हुई है. घटना के बाद आरोपी किशोर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.