शख्स ने कार के अंदर गलती से अपने भाई पर ही चला दी गोली, हुई दर्दनाक मौत
अमेरिका के न्यूयॉर्क में हैदराबाद के 24 वर्षीय मोहम्मद इब्राहिम अहमद की कार में गोली लगने से मौत हो गई. मामले में उनके बड़े भाई को गिरफ्तार किया गया है.
अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक दर्दनाक हादसे में हैदराबाद के 24 वर्षीय मोहम्मद इब्राहिम अहमद की मौत हो गई. 14 नवंबर को हिक्सविले में 459 साउथ ब्रॉडवे के पास कार के अंदर उनके बड़े भाई मोहम्मद बशीर अहमद की पिस्तौल से गलती से गोली चल गई. गोली इब्राहिम की पीठ में लगी.
बड़े भाई को पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना के बाद इब्राहिम को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस जांच के बाद बशीर को गिरफ्तार कर लिया गया. उस पर गैर इरादतन हत्या की दूसरी श्रेणी और अवैध रूप से हथियार रखने की दूसरी श्रेणी के आरोप लगाए गए हैं. अदालत में उसने खुद को निर्दोष बताया है. फिलहाल वह अगली सुनवाई तक हिरासत में है.
अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे थे माता-पिता
इब्राहिम लॉन्ग आइलैंड यूनिवर्सिटी के छात्र थे. उनके माता-पिता बेटे से मिलने अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे थे. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि पिस्तौल कार में कैसे पहुंची और उससे गोली किस तरह चली.
Also Read
परिवार की मदद के लिए जुटाया जा रहा पैसा
इस दुखद घटना के बाद परिवार की यात्रा और अन्य खर्चों में मदद के लिए रिश्तेदारों ने ऑनलाइन फंड जुटाने की मुहिम शुरू की है. यह मामला मजलिस बचाओ तहरीक (MBT) के प्रवक्ता अमजद उल्लाह खान की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा किए जाने के बाद सामने आया.