शादीशुदा महिला ने प्रेमी के बच्चे को दिया जन्म, फिर गला घोंटकर कर दी हत्या
गुजरात के गांधीनगर में पति से अलग रह रही 21 वर्षीय महिला और उसके 32 वर्षीय प्रेमी पर नवजात बच्ची की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है.
गुजरात के गांधीनगर में एक महिला और उसके प्रेमी पर नवजात बच्ची की हत्या का आरोप लगा है. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि सामाजिक बदनामी के डर से बच्ची का जन्म होने के कुछ घंटे बाद ही उसका गला घोंट दिया गया. पुलिस के मुताबिक, 21 वर्षीय कल्पना सोलंकी एक साल से अधिक समय से अपने पति से अलग रह रही थी. इसी दौरान उसका 32 वर्षीय कलाजी सोलंकी के साथ प्रेम संबंध हो गया और वह गर्भवती हो गई. 14 नवंबर की रात प्रसव पीड़ा होने पर वह शौच जाने का बहाना बनाकर पास के चरागाह में पहुंची, जहां उसने बच्ची को जन्म दिया.
गला घोंटकर गड्ढे में छोड़ा
जांचकर्ताओं के अनुसार, बच्ची के जन्म के बाद कल्पना ने उसे कलाजी को सौंप दिया. आरोप है कि कलाजी ने नवजात का गला घोंट दिया और शव को एक गड्ढे में छोड़ दिया. दोनों ने कथित तौर पर सामाजिक बदनामी के डर से यह कदम उठाया.
अस्पताल में हुई बच्ची की मौत
कुछ लोगों को बच्ची मिली तो वे उसे गांधीनगर सिविल अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई. इसके बाद देहगाम पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या और बच्चे को लावारिस छोड़ने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया.