द्वारका एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार कार ने 4 मजदूरों को कुचला; 2 की मौत
Dwarka Expressway Accident: गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर श्रीराम चौक के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. फ्लाईओवर पर मरम्मत का काम कर रहे चार मजदूर तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए.
Dwarka Expressway Accident: गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर श्रीराम चौक के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. फ्लाईओवर पर मरम्मत का काम कर रहे चार मजदूर तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर और कार में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हुए.
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय चार मजदूर एक्सप्रेसवे के डिवाइडर पर लोहे की ग्रिल लगाने का काम कर रहे थे. दो मजदूर ग्रिल को पकड़कर खड़े थे, जबकि दो अन्य उसके पेंच कसने का काम कर रहे थे. इसी दौरान दिल्ली की तरफ से एक तेज रफ्तार कार आई और सीधे काम कर रहे मजदूरों से जा टकराई. अचानक कार को अपनी तरफ आता देखकर दो मजदूरों ने बचने के लिए सड़क के बीच बनी ग्रीन बेल्ट की तरफ छलांग लगा दी.
तेज रफ्तार कार ग्रीन बेल्ट में भी घुसी:
कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि मजदूरों को टक्कर मारने के बाद भी वह नहीं रुकी और ग्रीन बेल्ट में जा घुसी. इस दौरान वहां कूदे दोनों मजदूर भी कार की चपेट में आ गए. हादसे में बिजेंद्र और पप्पू नाम के दो मजदूरों की मौत हो गई. दोनों उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के रहने वाले बताए जा रहे हैं. वहीं, अन्य घायल मजदूरों और कार सवार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
Also Read
अंधेरे और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल:
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय सड़क पर अंधेरा था. उनका कहना है कि अगर निर्माण स्थल पर पर्याप्त रोशनी और मजबूत बैरिकेडिंग होती, तो हादसे को रोका जा सकता था. इस घटना ने एक्सप्रेसवे पर रात के समय चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच:
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. दोनों मृत मजदूरों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. बजघेड़ा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.