डंपर से टकराई तेज रफ्तार डिफेंडर, युवक की मौके पर ही मौत, पिछले साल ही हुई थी शादी

परिजनों के अनुसार, मयंक रविवार को अपनी पत्नी को उसके मायके ओलावास गांव छोड़ने गया था. पत्नी को छोड़कर वह वापस अपने घर लौट रहा था.

x
Sagar Bhardwaj

हरियाणा के फरीदाबाद में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार डिफेंडर कार सड़क किनारे खड़े डंपर से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चला रहे 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. मृतक की पहचान अनंगपुर गांव निवासी मयंक भड़ाना के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उसकी शादी पिछले साल ही हुई थी और जिस डिफेंडर कार में वह सवार था, वह उसे शादी के समय ही मिली थी.

पत्नी को मायके छोड़कर लौट रहा था युवक

परिजनों के अनुसार, मयंक रविवार को अपनी पत्नी को उसके मायके ओलावास गांव छोड़ने गया था. पत्नी को छोड़कर वह वापस अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे सूरजकुंड रोड पर उसकी कार सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. लोगों ने काफी मेहनत के बाद मयंक को कार से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

सिर पर गंभीर चोट, एयरबैग भी नहीं बचा सका जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह डंपर में घुस गया. मयंक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं. लोहे के टुकड़े उसके चेहरे में धंस गए थे और सिर की हड्डियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं. कार में एयरबैग खुल गए थे, लेकिन टक्कर की ताकत इतनी ज्यादा थी कि वे भी उसकी जान नहीं बचा सके.

पिता प्रॉपर्टी डीलर, पिछले साल ही हुई थी शादी

मयंक के पिता सुरेंद्र भड़ाना इलाके में प्रॉपर्टी डीलर हैं. मयंक ने एक साल पहले ही अपनी ग्रेजुएशन पूरी की थी. परिवार के अनुसार, उसकी शादी भी पिछले साल ही हुई थी. अचानक हुए इस हादसे से परिवार में मातम का माहौल है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से कार टकराई है. फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि डंपर वहां क्यों खड़ा था और हादसे की असली वजह क्या रही.