menu-icon
India Daily

गौरक्षक बिट्टू बजरंगी के साथ शादी के नाम पर ठगी, बारात लेकर पहुंचने पर गायब मिली दुल्हन

नूंह हिंसा के आरोपी और गौरक्षक बिट्टू बजरंगी के साथ शादी के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है. आरोपियों ने शादी तय कर कपड़ों के नाम पर ₹30,000 ऐंठ लिए और जब बजरंगी बारात लेकर अलीगढ़ पहुंचा, तो दुल्हन और बिचौलिए गायब मिले.

KanhaiyaaZee
गौरक्षक बिट्टू बजरंगी के साथ शादी के नाम पर ठगी, बारात लेकर पहुंचने पर गायब मिली दुल्हन
Courtesy: Social Media

फरीदाबाद: नूंह सांप्रदायिक हिंसा मामले में आरोपी और खुद को गौरक्षक बताने वाले बिट्टू बजरंगी इन दिनों एक बेहद अजीबोगरीब वजह से सुर्खियों में हैं. इस बार मामला कोई कानूनी विवाद या गौ-सेवा नहीं, बल्कि उनके 'घर बसाने' के अरमानों से जुड़ा है. ताजा रिपोर्ट के अनुसार, बिट्टू बजरंगी एक शातिर ठग गिरोह का शिकार हो गए हैं, जिसने उन्हें शादी का झांसा देकर हजारों रुपये की चपत लगा दी.

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, ठगी की इस कहानी की शुरुआत तब हुई जब बिट्टू बजरंगी ने अपने एक पड़ोसी के रिश्तेदार 'बंटी' को बताया कि वह शादी के लिए लड़की तलाश रहे हैं. बंटी ने इसका फायदा उठाते हुए बजरंगी को रानी नाम की एक महिला से मिलवाया. रानी ने उसे अलीगढ़ बुलाकर कई बार संभावित दुल्हनों से मिलवाया, लेकिन बात नहीं बनी. आखिरकार, बंटी ने एक अन्य युवती की तस्वीर दिखाई, जिसे बिट्टू ने पसंद कर लिया.

कपड़ों के नाम पर ऐंठे पैसे, बारात पहुंची तो उड़े होश 

5 सितंबर, 2025 को आरोपी बंटी और रानी उस युवती और उसके कथित परिवार के साथ बिट्टू बजरंगी के घर पहुंचे, जहां धूमधाम से 7 फरवरी की शादी तय की गई. ठगों ने पूरी व्यवस्था के बदले बिट्टू से ₹1.20 लाख का सौदा किया था. शादी से महज एक दिन पहले, यानी 6 फरवरी को आरोपियों ने दुल्हन के लिबास और अन्य खर्चों के नाम पर बिट्टू से ₹30,000 ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए.

असली ड्रामा तब शुरू हुआ जब बिट्टू बजरंगी पूरे लाव-लश्कर और बारात के साथ अलीगढ़ पहुंचे. वहां पहुंचकर उन्होंने पाया कि बिचौलिए बंटी और रानी का कोई अता-पता नहीं है और उनके मोबाइल फोन भी बंद आ रहे हैं. हद तो तब हो गई जब बिट्टू ने सीधे उस युवती (कथित दुल्हन) को फोन किया. युवती ने दो टूक शब्दों में कह दिया कि उसे किसी शादी की जानकारी ही नहीं है.

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच शुरू 

बारात को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा, जिसके बाद बिट्टू बजरंगी ने फरीदाबाद के सारण पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने बंटी, रानी और उनके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है. बिट्टू के पड़ोसियों का कहना है कि घर में नई दुल्हन के स्वागत की पूरी तैयारी थी, लेकिन अंत में सब कुछ बिखर गया. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.