IPL 2026

सिगरेट को लेकर शुरू हुई बहस ने ली जान, ईद की रात जहांगीरपुरी में युवक की चाकू घोंप कर हत्या

दिल्ली के जहांगीरपुरी में ईद की रात सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद में 26 वर्षीय अरबाज की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों को पकड़ लिया है. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

Pinterest
Km Jaya

जहांगीरपुरी: कल रात जहांगीरपुरी में ईद की खुशी मातम में बदल गई, जब लोगों के एक समूह ने एक छोटी सी कहासुनी पर 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी. युवक को गंभीर हालत में बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने हत्या के आरोप में तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है.

परिवार वालों ने बताया कि आरोपियों के साथ सिगरेट मांगने को लेकर एक छोटी सी कहासुनी हुई थी. इस मामूली बात से गुस्सा होकर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया. इस घटना के बाद एहतियात के तौर पर जहांगीरपुरी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

कैसे की हत्या?

यह घटना कल रात 11:00 बजे जहांगीरपुरी के सी-ब्लॉक इलाके में हुई. मृतक की पहचान 26 साल के अरबाज के रूप में हुई है. एक चश्मदीद सलमान ने बताया कि कल रात अरबाज को 7-8 लोगों के एक समूह ने घेर लिया था. जब सलमान ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो एक युवक चुपके से अरबाज के पास आया और उसे चाकू मार दिया. इसके बाद पूरा समूह मौके से फरार हो गया.

किस बात को लेकर हुई कहा सुनी?

सलमान ने बताया कि सिगरेट मांगने को लेकर एक लड़के से मामूली बहस हुई थी, जिसके बाद उस लड़के ने अपने साथियों को बुला लिया. मृतक के भाई, मोहम्मद रिजवान ने बताया कि अरबाज एक ज्वेलर की दुकान पर काम करता था. उसे फोन पर इस घटना की जानकारी मिली. उसने आगे बताया कि उसके भाई पर स्थानीय पुलिस चौकी से महज सौ मीटर की दूरी पर ही चाकू से हमला किया गया था.

उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने पुष्टि की है कि हत्या के इस मामले में तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है. एक चश्मदीद के बयान और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल तीनों नाबालिगों को तेज़ी से ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया. जांच के दौरान नाबालिगों में से एक द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया.