menu-icon
India Daily

Delhi Metro: यमुना के उफान के बीच मेट्रो से सफर करने वालों के लिए राहत की खबर, इस रुट की मेट्रो सेवा फिर से बहाल

दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर बढ़ने के कारण बंद किया गया यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन रविवार को फिर से खोल दिया गया. DMRC ने जानकारी दी कि अब स्टेशन सामान्य रूप से काम कर रहा है. बीते दिनों बाढ़ का पानी दिल्ली के कई इलाकों में घुस गया था और नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया था.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Delhi Metro: यमुना के उफान के बीच मेट्रो से सफर करने वालों के लिए राहत की खबर, इस रुट की मेट्रो सेवा फिर से बहाल
Courtesy: Social Media

Yamuna Bank Metro Station: दिल्ली में यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण बंद किए गए यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन को फिर से यात्रियों के लिए खोल दिया गया है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यानी DMRC ने रविवार को घोषणा की कि अब स्टेशन सामान्य रूप से काम कर रहा है और यात्री सेवाओं का लाभ ले सकते हैं. यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच जाने के बाद एहतियातन इस मेट्रो स्टेशन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था. DMRC ने यात्रियों से अपील की थी कि वे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और इंटरचेंज सुविधा का लाभ लें. हालांकि, अब हालात नियंत्रण में आने के बाद इसे खोल दिया गया है.

पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश और हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ गया था. गुरुवार सुबह पुराने रेलवे ब्रिज पर जलस्तर खतरे के निशान से करीब दो मीटर ऊपर बह रहा था. यही वजह थी कि यमुना किनारे के इलाके जैसे मयूर विहार, गीता कॉलोनी, यमुना बाजार, मजनू का टीला और कश्मीरी गेट बाढ़ के पानी में डूब गए.

नदी खतरे के निशान से ऊपर

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार सुबह 6 बजे से 7 बजे तक जलस्तर 207.48 मी. था. अधिकारियों ने बताया कि सुबह 5 बजे यह 207.47 मी. था और रात 2 बजे से सुबह 5 बजे तक भी यही स्तर बना रहा. यह स्थिति दर्शाती है कि नदी खतरे के निशान से ऊपर लगातार बह रही थी.

कई निचले क्षेत्र हुए जलमग्न

बाढ़ का पानी दिल्ली सचिवालय की ओर भी बढ़ गया, जहां मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालय स्थित हैं. इसके अलावा, वासुदेव घाट समेत कई निचले क्षेत्र जलमग्न हो गए. प्रशासन ने प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा.

यात्रियों के लिए राहत की स्थिति

आपदा प्रबंधन विभाग और दिल्ली सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं. वहीं, DMRC ने यात्रियों की सुविधा के लिए समय-समय पर अपडेट साझा किए. यमुना बैंक स्टेशन, जो ब्लू लाइन और पिंक लाइन का प्रमुख इंटरचेंज पॉइंट है, बड़ी संख्या में यात्रियों के लिए अहम है. इसके खुलने से राहत की स्थिति बनी है और लोगों की आवाजाही फिर से सुचारू हो गई है.