West Bengal Assembly Election 2026

दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, धूल भरी आंधी के बाद झमाझम बूंदाबांदी; सुहावनी हुई शाम

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है. धूल भरी आंधी और बारिश ने बढ़ती गर्मी से राहत दिलाई है. मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार की दोपहर एक सुखद बदलाव लेकर आई. काफी समय से बढ़ते तापमान के बीच अचानक सक्रिय हुए एक नए पश्चिमी विक्षोभ ने पूरे एनसीआर को अपनी चपेट में ले लिया. दोपहर बाद चली ठंडी हवाओं और आसमान में घिरे बादलों ने तपती गर्मी से बड़ी राहत दी है. मौसम विभाग का अनुमान है कि यह बदलाव न केवल पारे को नीचे लाएगा, बल्कि बढ़ते वायु प्रदूषण से भी निजात दिलाएगा.

दोपहर बाद दिल्ली और नोएडा के आसमान में धूल भरी आंधी चली. तेज हवाओं ने तापमान को अचानक कम कर दिया. गुरुग्राम में आंधी के साथ तेज बारिश ने भी दस्तक दी. इससे मौसम बेहद सुहावना हो गया और लोगों को घर से बाहर निकलने में सुकून महसूस हुआ. वातावरण में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है, जो पिछले कई दिनों की तुलना में काफी सुखद है.

मौसम विभाग का यलो अलर्ट 

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 20 मार्च के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. विभाग का अनुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी कुछ और दिनों तक बना रहेगा. यह मौसमी बदलाव उत्तर भारत के कई हिस्सों में गर्मी के शुरुआती प्रभाव को कम करने में सहायक होगा.

तापमान में गिरावट 

ठंडी हवाओं और बारिश के कारण तापमान के आंकड़ों में बड़ी गिरावट आई है. बुधवार को गुरुग्राम का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आने वाले दिनों में पारा 25 से 26 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कने की उम्मीद है. तापमान में आई इस कमी से उन लोगों को बड़ी राहत मिली है जो समय से पहले बढ़ती गर्मी के कारण परेशान थे.

क्या है मौसम विभाग का पूर्वानुमान?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 21 से 23 मार्च के बीच मौसम अपेक्षाकृत स्थिर होना शुरू हो जाएगा. इस अवधि में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन भारी बारिश की संभावना कम ही है. दिन का अधिकतम तापमान 29 से 32 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 18 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. कुल मिलाकर, यह पूरा सप्ताह दिल्लीवासियों के लिए मौसमी उतार-चढ़ाव के बावजूद काफी सुकून भरा रहेगा.