पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों में कब होगा चुनाव? ECI की हाईकमान बैठक में आज होगा फाइनल फैसला

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु समेत 5 राज्यों में होने वाले चुनाव को लेकर आज चुनाव आयोग द्वारा एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई है.

ANI
Shanu Sharma

भारतीय निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में होने वाले चुनाव को लेकर बड़ा कदम उठाया है. नई दिल्ली में आज यानी बुधवार को एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई है, जिसमें इन पांच राज्यों में होने वाले चुनाव को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा. इस बैठक से पहले आयोग ने जमीन पर समीक्षा पूरी की है.

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अगुवाई में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी सहित आयोग की पूरी पीठ ने कुछ दिनों के भीतर इन चुनावी राज्यों का दौरा किया है. फिल्ड से बटोरे गए डिटेल्स पर आज समीक्षा की जाएगी और उसी आधार पर मतदान के चरणों की संख्या, सुरक्षा व्यवस्था समेत कई अन्य मुद्दों पर फाइनल फैसले लिए जाएंगे.

बैठक से पहले पांचों राज्यों में रिव्यू दौरा

पश्चिम बंगाल रिव्यू दौरे के साथ आयोग ने इसका अंत किया. दो दिवसीय दौरे के दौरान आयोग ने वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, जिला मजिस्ट्रेटों तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की. इसी तरह असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में भी बैठकें की गई.

पश्चिम बंगाल में रिव्यू के दौरान SIR की प्रगति, कानून-व्यवस्था की तैयारियां और मतदान के दौरान केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की रणनीति पर खास ध्यान दिया गया. राज्य में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई चरणों में मतदान की संभावना है. कुछ रिपोर्टों के अनुसार इस राज्य में 2 से 4 चरणों में चुनाव कराने पर विचार किया जा रहा है, हालांकि इसपर अंतिम फैसला आज बैठक के दौरान ली जाएगी.

ECI की बैठक के बाद फाइनल होगा फैसला

चुनाव कानून के मुताबिक आयोग को विधानसभाओं के कार्यकाल खत्म होने से पहले चुनाव करवाना जरूरी होता है. पश्चिम बंगाल में विधानसभा का कार्यकाल 7 मई को खत्म हो रहा है, वहीं तमिलनाडु का 10 मई, असम का 20 मई, केरल का 23 मई और पुडुचेरी का 15 जून को कार्यकाल खत्म हो रहा है. इन तारीखों को ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग आज मतदान का डेट फाइनल कर सकती है.

तमिलनाडु और केरल जैसे राज्यों में हमेशा से एक चरण में मतदान होते रहे हैं. वहीं पश्चिम बंगाल में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई चरणों में मतदान होते हैं. वहीं असम में भी एक या दो चरणों में मतदान हो सकते हैं. चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियां एक्टिव हो गई है. इन राज्यों में उम्मीदवारों के नाम को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है. आज के बैठक के बाद पार्टियां अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है.