दिल्ली-एनसीआर में भीषण आंधी तूफान, लोगों को गर्मी से मिली राहत, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
सोमवार देर रात भीषण आंधी और तूफान ने पूरे दिल्ली-एनसीआर को अपनी जद में ले लिया. मौसम बदलने से भीषण गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत तो मिली लेकिन धूल भरी आंधी के कारण लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा.
पिछले कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर के लोग लू और भीषण गर्मी से बेहाल थे लेकिन सोमवार देर रात अचानक मौसम ने करवट बदली. पूरे दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी के साथ धूल भरे बादल छा गए और कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई. इससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन तूफान की वजह से हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ. मौसम विभाग ने इस बदलाव के पीछे पाकिस्तान और राजस्थान के आसपास बने चक्रवाती सर्कुलेशन को जिम्मेदार बताया है. अगले दो-तीन दिन मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है.
हर तरफ धूल ही धूल, आसमान हुआ गायब
सोमवार रात दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. हवाएं इतनी तेज थीं कि आसमान धूल से पूरी तरह से भर गया. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक यह बदलाव मध्य पाकिस्तान, उत्तर-पश्चिम राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती सर्कुलेशन की वजह से हुआ है. स्काईमेट के माहेश पलावत ने बताया कि यह सिस्टम राजस्थान से धूल और रेत उड़ाकर दिल्ली तक ले आया है. उन्होंने कहा कि यही वजह है कि दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी के साथ गरज के साथ बारिश देखने को मिली. अगले कुछ घंटों में राजस्थान और हरियाणा के कई इलाकों में भी बारिश हो सकती है.
Also Read
येलो अलर्ट जारी, 30 अप्रैल तक बिगड़ेगा मौसम
आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर में 30 अप्रैल तक आंधी, बारिश और धूल भरी तूफान की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है. 29 अप्रैल के लिए खास तौर पर येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसका मतलब है कि मौसम में तेजी से बदलाव आ सकता है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. माहेश पलावत ने बताया कि चक्रवाती सर्कुलेशन तेज है और यह पूर्वोत्तर भारत की तरफ बढ़ रहा है. यह सिस्टम दिल्ली में 30 अप्रैल तक सक्रिय रहेगा. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.