दिल्ली में ईद-उल-फितर पर कड़ी सुरक्षा, हाईटेक निगरानी और 15 हजार पुलिसकर्मी तैनात
आज ईद-उल-फितर के मौके पर राजधानी दिल्ली में सख्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है. यहां पर करीब 15 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.यहां जानें क्या हैं आज दिल्ली में सुरक्षा इंतजाम.
नई दिल्ली: आज ईद-उल-फितर है. आज राजधानी दिल्ली में सख्त और आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. कुछ ही दिन पहले उत्तम नगर हत्याकांड और कुछ अन्य घटनाओं के बाद प्रशासन किसी भी तरह के नुकसान का कोई रिस्क नहीं लेना चाहता है. दिल्ली में करीब 15 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मुख्य मस्जिदों, ईदगाहों और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी और एआई सिस्टम के जरिए नजर रखी जाएगी. एआई की मदद से भीड़ वाली जगहों पर संदिग्ध हरकतेंं पकड़ी जा सकेंगी, जिससे पुलिस जल्दी एक्शन ले पाएगी.
कई स्तरों पर सुरक्षा इंतजाम:
एडिशनल सीपी राजीव रंजन ने कहा कि ईद को शांतिपूर्ण बनाने के लिए कई स्तरों पर सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. सभी जिलों में पुलिस अधिकारियों ने मस्जिद कमेटी, इमामों और आरडब्ल्यूए (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) के साथ बैठकें कीं और पूरी योजना बनाई. पुरानी दिल्ली जैसे इलाकों में खास सतर्कता है.
जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद और तुर्कमान गेट के आसपास पिछले साल की कुछ घटनाओं को ध्यान में रखकर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है. नमाज के समय कई मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा.
पुलिस ने की लोगों से अपील:
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहें या बिना जांच कंटेंट शेयर न करें. सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की अगर कोई कोशिश करता है तो उसके लिए जीरो टॉलरेंस पॉलिसी है. ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
संवेदनशील इलाकों की बात करें तो इसमें सीमापुरी, नंद नगरी, जाफराबाद, सीलमपुर, मुस्तफाबाद, शाहीन बाग, जामिया नगर, ओखला और कश्मीरी गेट शामिल हैं। यहां पर पुलिस के अलावा सीआईएसएफ और सीआरपीएफ के जवान भी तैनात किए गए हैं. इन जगहों पर अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों पर खासतौर से नजर रखी जा रही है.
और पढ़ें
- दिल्ली में दर्ज हुआ 6 साल का सबसे ठंडा मार्च, 5 महीनों बाद सांस लेने लायक हुई राजधानी की हवा
- दिल्ली-NCR में गरज-चमक के साथ गर्मियों में मॉनसून की दस्तक, टूटा रिकॉर्ड; 3 साल बाद मार्च महीने में सबसे ज्यादा बारिश
- दिल्ली में टिल्लू ताजपुरिया और गोगी गैंग के बीच गैंगवार, घर में घुसकर की अंधाधुंध फायरिंग; एक की मौत