जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर हड़कंप, स्क्रीनिंग में दिखी संदिग्ध चीज तो भागने लगा यात्री; CISF ने दौड़ाकर दबोचा
दिल्ली के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर XBIS स्क्रीनिंग के दौरान एक संदिग्ध वस्तु दिखाई देने के बाद एक यात्री भागने लगा. CISF जवानों ने पीछा कर उसे एग्जिट गेट के पास पकड़ लिया.
दिल्ली के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान CISF के जवानों ने एक संदिग्ध यात्री को पकड़ लिया. बैगेज स्क्रीनिंग के दौरान एक्स-रे बैगेज इंस्पेक्शन सिस्टम यानी XBIS की स्क्रीन पर एक संदिग्ध घनी वस्तु दिखाई दी थी. इसके बाद यात्री ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क CISF जवानों ने उसे स्टेशन के बाहर एग्जिट गेट के पास पकड़ लिया.
जानकारी के मुताबिक जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों के सामान की नियमित जांच की जा रही थी. इसी दौरान XBIS स्क्रीन पर एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी. CISF कर्मियों को शक होने पर यात्री को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह अचानक भागने लगा. जवानों ने तुरंत उसका पीछा किया और स्टेशन के एग्जिट गेट के पास उसे पकड़ लिया. इसके बाद उसके सामान की गहन जांच की गई.
Also Read
अंडरगारमेंट में छिपा था अर्धठोस पदार्थ
जांच के दौरान यात्री के अंडरगारमेंट के सिले हुए हिस्से में एक अज्ञात अर्धठोस पदार्थ छिपा हुआ मिला. CISF ने संदिग्ध यात्री को हिरासत में लेकर बरामद पदार्थ और उसके सामान को आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया. पूछताछ में यात्री ने खुद को मलेशिया के कुआलालंपुर में रहने वाला अनिवासी भारतीय यानी NRI बताया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल बरामद अर्धठोस पदार्थ की पहचान नहीं हो सकी है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि यात्री ने इस पदार्थ को क्यों छिपाया था और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था. पुलिस अब पदार्थ की जांच के साथ मामले के दूसरे पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.
CISF की सतर्कता के चलते यात्री सुरक्षा जांच से बचकर बाहर नहीं निकल सका. संदिग्ध को बरामद सामग्री के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है.